जर्जर बिजली के खंभे बदलने की मांग पर अनिश्चितकालीन धरना

जर्जर बिजली के खंभे बदलने की मांग पर अनिश्चितकालीन धरना

सीर गोवर्धनपुर की दलित बस्ती के लोगों ने डाफी विद्युत उपकेंद्र पर दिया धरना, लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

वाराणसी (रणभेरी) : सीर गोवर्धनपुर की दलित बस्ती में जर्जर बिजली के खंभे नहीं बदले जाने से नाराज ग्रामीणों ने डाफी विद्युत उपकेंद्र पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक साल से लगातार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। बस्ती में पांच से छह बिजली के खंभे बेहद जर्जर हालत में हैं, जिनके कभी भी गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है।

धरने का नेतृत्व समाजवादी पार्टी की बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अमन यादव कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में तीन जर्जर बिजली के खंभे लोगों के घरों पर गिर चुके हैं। इसके बाद विभाग ने गिरे हुए खंभों को तो बदल दिया, लेकिन बस्ती में अब भी पांच से छह खंभे खतरनाक स्थिति में बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।

अमन यादव ने आरोप लगाया कि जर्जर खंभों को बदलने के लिए कई बार जेई अरविंद सोनकर से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान करने के बजाय शिकायतकर्ताओं को राजनीति करने वाला बताकर टाल दिया जाता है। ग्रामीणों के मुताबिक, जेई और एसडीओ उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। अधिकारियों से फोन पर संपर्क करने की कोशिश भी नाकाम रही है। आरोप है कि शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने तक नहीं पहुंचे।

लिखित आश्वासन के बिना खत्म नहीं होगा धरना

अमन यादव ने स्पष्ट कहा कि जब तक बिजली विभाग की ओर से जर्जर खंभों को बदलने का लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने मांग की कि अधिकारी लिखित रूप से बताएं कि खंभों को कब तक बदला जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि अब वे केवल मौखिक आश्वासन पर भरोसा नहीं करेंगे। समस्या के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई जरूरी है।

स्मार्ट मीटर पर जोर, लेकिन सुरक्षा की अनदेखी

अमन यादव ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार बिजली व्यवस्था को आधुनिक बनाने और स्मार्ट मीटर लगाने पर जोर दे रही है, लेकिन बुनियादी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं की अनदेखी हो रही है। बस्ती में जर्जर बिजली के खंभे इसका उदाहरण हैं। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि किसी बड़े हादसे से पहले सभी खतरनाक खंभों को बदला जाए।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *