वाराणसी (रणभेरी): मां गंगा के पावन तट पर स्थित ललिता घाट के पशुपतिनाथ मंदिर परिसर में भक्ति और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में आयोजित भजन कार्यक्रम में जम्मू से आई महिलाओं के एक दल ने सामूहिक रूप से भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं, दक्षिण भारत से आई श्रद्धालु महिलाओं ने भी भजनों के माध्यम से अपनी श्रद्धा और भक्ति प्रकट की।
भजन प्रस्तुतियों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। भक्ति गीतों की मधुर स्वर लहरियों ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर कर दिया। इस दौरान मंदिर में मौजूद लोगों ने भी कार्यक्रम का आनंद लिया और भक्ति भाव में लीन नजर आए।
गौरतलब है कि ललिता घाट स्थित पशुपतिनाथ मंदिर अपनी अनूठी स्थापत्य कला और नेपाली संस्कृति की विशिष्ट छाप के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। लकड़ी पर की गई बारीक नक्काशी और पारंपरिक नेपाली वास्तुकला मंदिर को विशेष पहचान प्रदान करती है। गंगा तट पर स्थित यह मंदिर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आध्यात्मिक आकर्षण का प्रमुख केंद्र है।
मंदिर प्रबंधन की ओर से यहां आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत और सम्मान किया जाता है। जम्मू और दक्षिण भारत से आई महिलाओं की भजन प्रस्तुतियों ने एक बार फिर मंदिर परिसर में धार्मिक एकता, सांस्कृतिक विविधता और भक्ति की भावना को जीवंत कर दिया।
