वीर सावरकर और मराठी अस्मिता के अपमान का आरोप लगाकर शिवसेना कर रही किताब पर प्रतिबंध लगाने की मांग; YSR कांग्रेस और BRS ने भी सोनिया गांधी पर उठाए सवाल
(रणभेरी): कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर सियासी विवाद गहराता जा रहा है। किताब में वीर सावरकर और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर लिखी गई टिप्पणियों के विरोध में शिवसेना प्रदर्शन कर रही है। इसी दौरान बुधवार को एक ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने राजनीतिक विवाद को नया मोड़ दे दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में किताब फाड़ने के दौरान शिवसेना नेता शाइना एनसी से गलती से पार्टी के संस्थापक बाल ठाकरे की तस्वीर भी फट गई। इस पर जब उन्हें टोका गया तो वे असहज हो गईं।
इस घटना को लेकर शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने शिवसेना नेताओं पर बालासाहेब ठाकरे के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘जहां भी ये लोग दिखें, इनकी पिटाई करो।’
दरअसल, शिवसेना सोनिया गांधी की किताब पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रही है। पार्टी का आरोप है कि किताब में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का अपमान किया गया है। किताब में RSS और हिंदुत्व की विचारधारा को लेकर की गई टिप्पणियों पर भी पार्टी ने आपत्ति जताई है।
किताब के दो पन्नों पर सबसे ज्यादा विवाद
किताब के पेज नंबर 201 और 443 पर लिखी गई बातों को लेकर विवाद खड़ा हुआ है। शिवसेना का कहना है कि इन टिप्पणियों के जरिए सावरकर और हिंदुत्व की विचारधारा को गलत तरीके से पेश किया गया है।
पेज नंबर 201 पर सावरकर और RSS का जिक्र: किताब में कहा गया है कि इंदिरा गांधी की RSS की राजनीति को लेकर नाराजगी आजादी की लड़ाई के दौर से ही थी। इसमें दावा किया गया है कि जब कांग्रेस के नेता अंग्रेजों की यातनाएं झेल रहे थे और जेल जा रहे थे, तब RSS के प्रमुख विचारक विनायक दामोदर सावरकर अंग्रेजों के सामने दया याचिकाएं लिख रहे थे।
किताब में यह भी आरोप लगाया गया है कि RSS के कुछ सदस्य अंग्रेज अधिकारियों के लिए मुखबिरी करते थे। इसके साथ ही RSS की विचारधारा को कांग्रेस और उसकी विचारधारा के विरोध में बताते हुए कहा गया है कि संगठन कांग्रेस को हिंदू राष्ट्र के निर्माण की राह में सबसे बड़ी बाधा मानता था।
इस अंश में यह भी उल्लेख है कि RSS के कुछ प्रमुख विचारकों ने अपनी किताबों और भाषणों में हिटलर तथा अल्पसंख्यकों को लेकर उसकी नीतियों की तारीफ की थी। किताब के मुताबिक, इंदिरा गांधी को आशंका थी कि ऐसी विचारधारा देश की एकता के लिए खतरा बन सकती है।
पेज नंबर 443 पर ‘हिंदू सुप्रीमेसिस्ट’ शब्द का इस्तेमाल: इस पेज पर सावरकर को हिंदुत्व विचारधारा का जनक बताया गया है। किताब में उनके नजरिए को भारत में हिंदुओं को सर्वोच्च स्थान देने वाली सोच के रूप में प्रस्तुत किया गया है। साथ ही कहा गया है कि संघ परिवार और भाजपा इसी विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं। शिवसेना ने इन टिप्पणियों को भ्रामक बताते हुए विरोध जताया है।
YSR कांग्रेस ने भी उठाए सवाल, YSR के योगदान का जिक्र नहीं होने पर नाराजगी
किताब को लेकर सिर्फ शिवसेना ही नहीं, बल्कि कांग्रेस की सहयोगी रही YSR कांग्रेस ने भी नाराजगी जताई है। पार्टी के सांसद मड्डिला गुरुमूर्ति ने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी की किताब में आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी (YSR) के योगदान का उल्लेख क्यों नहीं किया गया।
उनका कहना है कि YSR ने पदयात्रा के जरिए आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत किया था। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने 2004 और 2009 के विधानसभा चुनावों में बड़ी जीत हासिल की। उनके राजनीतिक योगदान से केंद्र में यूपीए सरकार के गठन का रास्ता भी मजबूत हुआ था।
BRS का आरोप- सोनिया के दिल में तेलंगाना के लिए जगह नहीं
तेलंगाना की राजनीति में सक्रिय भारत राष्ट्र समिति (BRS) ने भी किताब को लेकर नाराजगी जाहिर की है। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामा राव ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी के दिल में तेलंगाना के लिए कोई जगह नहीं है।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की किताब में तेलंगाना का नाम तक नहीं लिया गया है। BRS ने इसे तेलंगाना के राजनीतिक और ऐतिहासिक योगदान की अनदेखी बताया है।
10 नवंबर से बाजार में उपलब्ध, 16 नवंबर को हुआ लॉन्च
सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर से बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध हुई थी। इसका औपचारिक लॉन्च 16 नवंबर को किया गया। हालांकि, किताब के कुछ अंश सामने आने के बाद अब इस पर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। सावरकर, RSS, हिंदुत्व, मराठी अस्मिता और क्षेत्रीय नेताओं के योगदान को लेकर उठे सवालों ने किताब को राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है। शिवसेना के विरोध के बीच YSR कांग्रेस और BRS की नाराजगी ने इस विवाद को और व्यापक बना दिया है।
