वाराणसी (रणभेरी): धर्म और आस्था की नगरी वाराणसी में गंगा घाटों पर एक वायरल वीडियो को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में कुछ युवक मां गंगा में स्नान करते समय कथित रूप से बियर पीते और उसका प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और विभिन्न हिंदू संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि वीडियो किसी गंगा घाट का है, जहां कुछ युवक नदी में उतरकर खुलेआम शराब का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इसे धार्मिक मर्यादाओं के खिलाफ बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग शुरू कर दी है।
अधिवक्ता ने पुलिस को दिया प्रार्थना पत्र
मामले को गंभीर बताते हुए अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने पुलिस प्रशासन को शिकायत पत्र सौंपा है। उन्होंने कहा कि मां गंगा करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र हैं और गंगा घाटों का धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व पूरे देश में माना जाता है। ऐसे पवित्र स्थल पर इस तरह की गतिविधियां न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं बल्कि समाज में गलत संदेश भी देती हैं।
शिकायत में कहा गया है कि वायरल वीडियो से सामाजिक वातावरण प्रभावित हो सकता है और इससे लोगों में आक्रोश बढ़ने की आशंका है। साथ ही प्रशासन से मांग की गई है कि वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
घाटों पर निगरानी बढ़ाने की मांग
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर रोक नहीं लगाई गई तो असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ सकता है। शिकायतकर्ता ने घाटों पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन बनाए रखने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वाराणसी देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में इस प्रकार की घटनाएं शहर की धार्मिक गरिमा को प्रभावित करती हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले पर पुलिस प्रशासन ने भी संज्ञान लिया है। एसीपी अतुल अंजान ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। वीडियो की सत्यता की पुष्टि करने के साथ उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है। जांच के आधार पर आगे आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है और अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
