जी-1 उड़ान में अंतरिक्ष तक जाएंगे क्रू और सर्विस मॉड्यूल, सुरक्षित वापसी की होगी परीक्षा; दूसरी उड़ान में भेजा जाएगा रोबोट व्योममित्र
(रणभेरी): भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान की पहली मानवरहित उड़ान (जी-1) की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसरो दिसंबर 2026 के अंत या जनवरी 2027 की शुरुआत में इस मिशन को लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्रीहरिकोटा के दूसरे लॉन्च पैड से होने वाली इस उड़ान में क्रू मॉड्यूल और सर्विस मॉड्यूल को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। मिशन का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य क्रू मॉड्यूल की सुरक्षित वापसी की तकनीक का परीक्षण करना है।
जी-1 मिशन में फिलहाल ह्यूमेनॉइड रोबोट व्योममित्र को भेजने की योजना नहीं है। इसे दूसरी मानवरहित उड़ान में शामिल किया जाएगा। पहली दो परीक्षण उड़ानों के सफल रहने के बाद तीसरी उड़ान में भारतीय गगनयात्रियों को अंतरिक्ष में भेजने का लक्ष्य है। इसके मार्च 2028 तक पूरा होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही भारत मानव को अंतरिक्ष में भेजने वाला अमेरिका, रूस और चीन के बाद दुनिया का चौथा देश बन जाएगा।
मानव-रेटेड रॉकेट से होगा प्रक्षेपण
गगनयान मिशन को मानव उड़ान के लिए तैयार एचएलवीएम-3 रॉकेट से लॉन्च किया जाएगा। यह चंद्रयान-3 में इस्तेमाल किए गए एलवीएम-3 रॉकेट का उन्नत रूप है। फिलहाल पूरे मॉड्यूल का थर्मो-वैक परीक्षण किया जा रहा है। इस परीक्षण में अंतरिक्ष जैसी निर्वात और अत्यधिक तापमान वाली परिस्थितियों में उपकरणों की कार्यक्षमता जांची जाती है।
इसरो ने क्रू मॉड्यूल और सर्विस मॉड्यूल को अलग करने वाले सिस्टम का परीक्षण भी पूरा कर लिया है। 16 अक्टूबर को तिरुवनंतपुरम स्थित विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर में किए गए परीक्षणों से इस सिस्टम की डिजाइन क्षमता की पुष्टि हुई है।
सुरक्षित वापसी के लिए कई अहम तकनीकों की जांच
गगनयान की सफलता केवल अंतरिक्ष तक पहुंचने पर निर्भर नहीं है, बल्कि अंतरिक्ष यात्रियों को सुरक्षित पृथ्वी पर वापस लाना भी इसकी बड़ी चुनौती है। इसके लिए क्रू मॉड्यूल को सर्विस मॉड्यूल से अलग करना जरूरी होता है। सर्विस मॉड्यूल अंतरिक्ष में बिजली, संचार और जीवन समर्थन जैसी जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराता है, जबकि क्रू मॉड्यूल को पृथ्वी पर लौटना होता है।
दोनों मॉड्यूल अलग होते समय उनके बीच बिजली, संचार और पर्यावरण नियंत्रण प्रणाली से जुड़े कनेक्शन भी निर्धारित क्रम में अलग होने चाहिए। पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश के दौरान क्रू मॉड्यूल को अत्यधिक तापमान का सामना करना पड़ेगा। इससे बचाव के लिए हीट शील्ड और थर्मल प्रोटेक्शन सिस्टम लगाए गए हैं।
वापसी के दौरान पैराशूट मॉड्यूल की गति कम करेंगे, ताकि समुद्र में सुरक्षित लैंडिंग हो सके। समुद्र में उतरने के बाद मॉड्यूल को सही स्थिति में बनाए रखने के लिए अप-राइटिंग सिस्टम विकसित किया गया है। जुलाई 2026 में इसके फ्लोटेशन सिस्टम का परीक्षण भी किया गया था।
आपात स्थिति में बचाएगा क्रू एस्केप सिस्टम
मिशन में अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षा के लिए क्रू एस्केप सिस्टम भी लगाया गया है। उड़ान के दौरान रॉकेट में कोई गंभीर तकनीकी खराबी आने पर यह सिस्टम क्रू मॉड्यूल को रॉकेट से अलग कर सुरक्षित दूरी तक ले जाने में मदद करेगा। इसरो ने अक्टूबर 2023 में टीवी-डी1 परीक्षण के जरिए इस तकनीक का सफल प्रदर्शन किया था।
शुभांशु समेत चार पायलट चुने गए
गगनयान मिशन के लिए भारतीय वायुसेना के चार पायलटों का चयन किया गया है। इनमें ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी शामिल हैं। शुभांशु एक्सियम मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) की यात्रा कर चुके हैं।
गगनयान के तहत तीन भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को करीब 400 किलोमीटर की ऊंचाई पर पृथ्वी की निचली कक्षा में भेजने की योजना है। वे लगभग तीन दिन अंतरिक्ष में रहेंगे। इसके बाद क्रू मॉड्यूल की हिंद महासागर में लैंडिंग कराई जाएगी।
करीब 20,193 करोड़ रुपये की लागत
गगनयान परियोजना पर करीब 20,193 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। मानव यात्रियों को भेजने से पहले इसरो दो मानवरहित परीक्षण उड़ानें करेगा। दूसरी उड़ान में व्योममित्र रोबोट को भेजने की योजना है। इन परीक्षणों से प्राप्त नतीजों के आधार पर आगे की मानवयुक्त उड़ान को मंजूरी दी जाएगी। मिशन की सफलता भारत को मानव अंतरिक्ष उड़ान के क्षेत्र में दुनिया के चुनिंदा देशों की श्रेणी में खड़ा कर देगी।
