(रणभेरी): निर्देशक सूरज बड़जात्या की आगामी फैमिली एंटरटेनर फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का ट्रेलर बुधवार को मुंबई में लॉन्च किया गया। इस मौके पर फिल्म की कास्ट के करीब 20 कलाकार मौजूद रहे। राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में आयुष्मान खुराना पहली बार सूरज बड़जात्या के चर्चित किरदार ‘प्रेम’ की भूमिका में नजर आएंगे। इससे पहले इस किरदार को सलमान खान समेत कई अभिनेता पर्दे पर निभा चुके हैं।
ट्रेलर लॉन्च के दौरान सूरज बड़जात्या ने बताया कि उन्होंने प्रेम के किरदार के लिए आयुष्मान को ही क्यों चुना। उन्होंने कहा कि जब पहली बार फिल्म की कहानी उनके पास आई, तो उनके दिमाग में सबसे पहले आयुष्मान का नाम आया। आयुष्मान के व्यक्तित्व में सादगी और संवेदनशीलता है। उनकी फिल्मों में भी यह खूबियां नजर आती हैं। ‘बाला’ और ‘ड्रीम गर्ल’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय में यह बात दिखाई देती है।
सूरज ने कहा कि आयुष्मान और सलमान खान में एक समानता यह है कि वे दोनों कलाकारों को अपने अंदाज में काम करने की पूरी आजादी देते हैं। उन्होंने बताया कि पहले ही दिन आयुष्मान ने प्रेम के किरदार को इतनी अच्छी तरह समझ लिया था कि उन्हें उनके अभिनय में कोई बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ी। सलमान के साथ भी उनका काम करने का तरीका ऐसा ही रहा है। वे उन्हें कहानी सुनाते हैं और सलमान अपने अंदाज में दृश्य निभाते हैं।
आयुष्मान बोले- सलमान ही असली प्रेम
आयुष्मान से जब पूछा गया कि सूरज बड़जात्या की फिल्मों में उनका पसंदीदा प्रेम कौन है, तो उन्होंने सलमान खान का नाम लिया। आयुष्मान ने कहा कि सलमान से बेहतर प्रेम कोई नहीं हो सकता। वही असली प्रेम हैं और सभी कलाकार उन्हें इस किरदार के आदर्श के रूप में देखते हैं।
आयुष्मान ने कहा कि प्रेम का किरदार निभाना बड़ी जिम्मेदारी है। प्रेम संवेदनशील है, दूसरों की परवाह करता है और रिश्तों को समझता है। उन्होंने कहा, ‘यह दुनिया एक प्रेम चाहती है और हम वही लेकर आ रहे हैं।’ इस पर सूरज बड़जात्या ने कहा कि आयुष्मान ने प्रेम को अपने अंदाज में निभाया है और उनका किरदार पहले के प्रेम से अलग है।
सलमान ने चार फिल्मों में निभाया प्रेम का किरदार
सूरज बड़जात्या की फिल्मों में प्रेम का किरदार लंबे समय से दर्शकों के बीच लोकप्रिय रहा है। सलमान खान ने 1989 में आई ‘मैंने प्यार किया’ से पहली बार यह भूमिका निभाई थी। इसके बाद वे ‘हम आपके हैं कौन’ (1994), ‘हम साथ-साथ हैं’ (1999) और ‘प्रेम रतन धन पायो’ (2015) में भी प्रेम बने।
वहीं, 2003 में रिलीज हुई ‘मैं प्रेम की दीवानी हूं’ में ऋतिक रोशन और अभिषेक बच्चन के किरदारों का नाम भी प्रेम था। 2006 की फिल्म ‘विवाह’ में शाहिद कपूर ने यह भूमिका निभाई थी। अब 2026 में रिलीज होने वाली ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना इस परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।

राजश्री फिल्म्स की फिल्मों में प्रेम नाम का किरदार इससे पहले भी नजर आ चुका है। 1977 की फिल्म ‘दुल्हन वही जो पिया मन भाए’ में प्रेम कृष्ण ने यह भूमिका निभाई थी। हालांकि, इस फिल्म का निर्देशन सूरज बड़जात्या ने नहीं किया था। वहीं, 2008 की फिल्म ‘एक विवाह… ऐसा भी’ में सोनू सूद प्रेम बने थे। इसकी कहानी सूरज बड़जात्या ने लिखी थी, जबकि निर्देशन कौशिक घटक ने किया था।
धुरंधर के साथ दर्शकों को फैमिली फिल्म भी चाहिए
ट्रेलर लॉन्च के दौरान सूरज बड़जात्या से पूछा गया कि ‘धुरंधर’ और ‘पुष्पा’ जैसी फिल्मों के दौर में पारिवारिक फिल्म बनाना कितना चुनौतीपूर्ण है। इस पर उन्होंने कहा कि हर फिल्म की अपनी जगह होती है। ‘धुरंधर’ अपने तरीके से शानदार फिल्म है, लेकिन दर्शकों को ऐसी फिल्मों के साथ पारिवारिक फिल्में भी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अब उनका ध्यान बॉक्स ऑफिस पर नंबर वन फिल्म बनाने के बजाय ऐसी कहानी कहने पर है, जिससे दर्शक जुड़ाव महसूस करें। उनकी कोशिश है कि परिवार के लोग एक साथ सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखें।
‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ से अलग है फिल्म
फिल्म के ट्रेलर में दिखाया गया है कि शादी के बाद आयुष्मान का किरदार पत्नी के घर जाकर उसके परिवार के साथ रहने लगता है। इस कहानी के चलते फिल्म की तुलना करण जौहर की ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ से की जा रही है।
इस पर आयुष्मान ने कहा कि दोनों फिल्मों के किरदारों की यात्रा अलग है। वे ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ के बड़े प्रशंसक हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म का पहला गाना देखने के बाद करण जौहर ने उन्हें संदेश भेजा था। करण को सूरज बड़जात्या की फिल्मी दुनिया पसंद आई।
आयुष्मान के मुताबिक, उनकी फिल्म में प्रेम शुरुआत से ही एक अच्छा इंसान है और अपनी पत्नी व उसके परिवार के लिए आवाज उठाता है। जबकि ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में रॉकी के किरदार का सफर अलग है। इसलिए दोनों फिल्मों की तुलना करना सही नहीं होगा।
फिल्म में अहम भूमिका निभा रहीं सीमा पाहवा ने भी कहा कि हर परिवार की कहानी अलग होती है। एक ही विषय पर दो निर्देशक अपनी अलग सोच और नजरिए से फिल्म बना सकते हैं।
