बिस्मिल्लाह खान के पुश्तैनी मकान के ध्वस्तीकरण पर गरमाई सियासत, वीडीए ने जारी की जांच रिपोर्ट

बिस्मिल्लाह खान के पुश्तैनी मकान के ध्वस्तीकरण पर गरमाई सियासत, वीडीए ने जारी की जांच रिपोर्ट

वीडीए का दावा- सरकारी कार्रवाई में नहीं, परिवार ने खुद कराया पुराने मकान का ध्वस्तीकरण; पुनर्निर्माण के बाद संग्रहालय बनाने की कही बात

वाराणसी (रणभेरी): भारत रत्न और शहनाई के जादूगर उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के पुश्तैनी मकान के ध्वस्तीकरण को लेकर सियासत गरमा गई है। सोशल मीडिया पर मकान तोड़े जाने को लेकर उठे सवालों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर कला और कलाकारों के खिलाफ होने का आरोप लगाया। वहीं, वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने मामले की जांच कराकर स्थिति स्पष्ट की है। वीडीए के मुताबिक, मकान का ध्वस्तीकरण किसी सरकारी कार्रवाई के तहत नहीं, बल्कि परिवार के सदस्यों की ओर से नवीनीकरण के लिए कराया जा रहा है।

वीडीए के सचिव वेद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और फेसबुक पर मिली शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कराई गई। जांच में पता चला कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के पौत्र और स्वर्गीय महताब हुसैन के पुत्र मोहम्मद सिब्तैन का मकान संख्या सीके 46/63, भीखाशाह गली, सराय हड़हा, चौक में स्थित है। करीब 500 वर्गफीट क्षेत्रफल में बना यह भवन जी प्लस वन था और काफी पुराना व जर्जर हो चुका था।

जांच आख्या के अनुसार, परिवार के सदस्य मकान का नवीनीकरण करा रहे हैं। इसी प्रक्रिया में पुराने भवन के ढांचे को ध्वस्त किया जा रहा है, ताकि वहां नए सिरे से निर्माण कराया जा सके। परिवार की ओर से पुनर्निर्माण के बाद इसी स्थान पर उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का संग्रहालय बनाने की बात भी कही गई है।

अखिलेश ने भाजपा पर साधा निशाना

मकान के ध्वस्तीकरण को लेकर अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, ‘जिनके लिए शहनाई नहीं बजी, उनसे और क्या उम्मीद करना?’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसकी विचारधारा से जुड़े लोग कला और कलाकारों के खिलाफ हैं। उनके मुताबिक, कला समाज में सकारात्मक बदलाव, सहृदयता और सहनशीलता को बढ़ावा देती है, लेकिन संकीर्ण सोच रखने वाले लोग इसे अपने एजेंडे के रास्ते में बाधा मानते हैं।

अखिलेश यादव ने उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत रत्न से सम्मानित शख्सियत की मिली-जुली विरासत को ध्वस्त करना उनके मान-सम्मान के साथ देश के सम्मान को भी ठेस पहुंचाने जैसा है। उन्होंने घोषणा की कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की धरोहर को संरक्षित करने के लिए ‘श्रवण-संग्रहालय’ बनाया जाएगा। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को निंदनीय बताया।

पोते ने आरोपों को किया खारिज

दूसरी ओर, उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के पोते मोहम्मद सिब्तैन ने मकान को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया है। नगर निगम की ओर से इंस्टाग्राम पर उनका करीब 30 सेकंड का वीडियो भी साझा किया गया है। परिवार का पक्ष है कि पुराना और जर्जर मकान नवीनीकरण के लिए तोड़ा जा रहा है और पुनर्निर्माण के बाद वहां उस्ताद की स्मृतियों को संजोने के लिए संग्रहालय बनाया जाएगा। इस तरह पुश्तैनी मकान के ध्वस्तीकरण को लेकर उठे राजनीतिक विवाद के बीच वीडीए की जांच रिपोर्ट और परिवार का पक्ष सामने आने से मामले की तस्वीर स्पष्ट करने की कोशिश की गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *