रोहनिया में एसओजी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी
जमीन विवाद में हुई थी किराना कारोबारी की हत्या
वाराणसी (रणभेरी): रोहनिया थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एसओजी और रोहनिया पुलिस की संयुक्त टीम की दो बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाशों को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपी रोहनिया के अवलेशपुर स्थित सौरभ विहार कॉलोनी में आठ जून की रात हुए किराना कारोबारी जितेंद्र कुमार उर्फ जितेंद्र पटेल हत्याकांड में वांछित थे। घटना के बाद से पुलिस और एसओजी उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।
जानकारी के अनुसार रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि करीब दो बजे एसओजी और रोहनिया पुलिस की संयुक्त टीम को आरोपियों के अवलेशपुर क्षेत्र में होने की सूचना मिली। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। मौके से उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।

सूचना मिलने पर एडीसीपी वरुणा जोन लिपि नागायच भी घटनास्थल पहुंचीं और पुलिस अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में घायल बदमाशों की पहचान गोलू पटेल उर्फ माफिया और ज्ञान पटेल के रूप में हुई है। दोनों पर किराना व्यापारी की हत्या का आरोप है। पुलिस उनके अन्य साथियों की तलाश में भी जुटी है।
गौरतलब है कि आठ जून की रात करीब 11 बजे अवलेशपुर स्थित सौरभ विहार कॉलोनी में बाइक सवार बदमाशों ने किराना कारोबारी जितेंद्र कुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी थीं। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया था, जहां अगले दिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
लिस जांच में सामने आया था कि हत्या के पीछे जमीन बिक्री के 80 लाख रुपये के बंटवारे को लेकर विवाद था। इस मामले में मृतक के भाइयों और करीबियों के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की थी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस कार्रवाई का स्वागत करते हुए क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
