वाराणसी (रणभेरी): समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जुड़वां बेटे अर्जुन यादव और बेटी टीना यादव रविवार शाम वाराणसी पहुंचे। उनके साथ मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज भी मौजूद रहीं। तीनों ने काशी पहुंचने के बाद सबसे पहले श्री काशी विश्वनाथ धाम में भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इसके बाद संकट मोचन हनुमान मंदिर जाकर बजरंगबली के दर्शन किए और धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया। शाम के समय उन्होंने गंगा नदी में नाव से भ्रमण करते हुए काशी के प्रमुख घाटों का भी अवलोकन किया।
जानकारी के अनुसार, अर्जुन और टीना शाम करीब छह बजे वाराणसी पहुंचे और एक निजी होटल में ठहरे। कुछ देर बाद सांसद प्रिया सरोज होटल पहुंचीं और दोनों का स्वागत करने के बाद उन्हें मंदिर दर्शन के लिए लेकर रवाना हुईं। इस दौरान समाजवादी पार्टी के कुछ स्थानीय नेता भी उनके साथ मौजूद रहे।
काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचने पर दोनों भाई-बहन ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। दूध और गंगाजल अर्पित कर विशेष पूजा की गई। मंदिर परिसर में स्थित अन्य देवी-देवताओं के मंदिरों में भी उन्होंने श्रद्धापूर्वक दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
इसके बाद दोनों संकट मोचन हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां लगभग आधे घंटे तक उन्होंने पूजा-अर्चना की और मंदिर में दर्शन किए। मंदिर से बाहर निकलते समय मीडिया प्रतिनिधियों ने उनसे बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया और बिना कोई बयान दिए वहां से रवाना हो गए।
धार्मिक स्थलों के दर्शन के बाद अर्जुन, टीना और प्रिया सरोज गंगा तट पहुंचे। वहां उन्होंने नाव के माध्यम से काशी के ऐतिहासिक घाटों का भ्रमण किया। लगभग एक घंटे तक चले इस नौका विहार के दौरान तीनों ने गंगा के मनमोहक दृश्य देखे। इस दौरान टीना यादव मोबाइल से वीडियो और रील बनाती भी नजर आईं, जबकि अर्जुन और अन्य लोगों ने घाटों के बीच कई तस्वीरें और सेल्फी भी लीं।
इस पूरे दौरे को निजी और सीमित रखने की योजना बनाई गई थी। इसकी जानकारी केवल सांसद प्रिया सरोज और समाजवादी पार्टी के कुछ चुनिंदा स्थानीय नेताओं को ही थी। हालांकि मंदिर पहुंचते ही समर्थकों को इसकी भनक लग गई, जिसके बाद यह दौरा सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गया।
दर्शन और नौका विहार के बाद अर्जुन और टीना शहर की एक प्रसिद्ध मिठाई की दुकान भी पहुंचे, जहां उन्होंने बनारसी पेड़ा और रसगुल्ले का स्वाद लिया। इसके बाद दोनों अपने अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।
कुछ दिन पहले, 23 जून को टीना यादव अपनी मां और सांसद डिंपल यादव के साथ सैफई पहुंची थीं। वहां उन्होंने बड़े मंगल के अवसर पर हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। इसके बाद आयोजित भंडारे में उन्होंने स्वयं श्रद्धालुओं को पूड़ी और सब्जी परोसकर प्रसाद वितरित किया था।
इससे पहले 21 जून को टीना यादव मुंबई में आयोजित एक पारिवारिक समारोह में भी शामिल हुई थीं, जहां उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता शरद पवार के परिवार के एक विवाह समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी।
टीना यादव सार्वजनिक मंचों पर अपेक्षाकृत कम दिखाई देती हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा लखनऊ से पूरी की और इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए लंदन चली गईं। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी खासी लोकप्रियता है और इंस्टाग्राम पर उनके लगभग डेढ़ लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। वहीं अर्जुन यादव भी सार्वजनिक जीवन में कम ही नजर आते हैं और अधिकांश समय परिवार के साथ निजी कार्यक्रमों तक ही सीमित रहते हैं।
