वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब जयमाल के दौरान युवती का प्रेमी समारोह में पहुंच गया। युवक को देखकर वहां मौजूद लोगों ने विरोध जताया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। तभी दुल्हन मंच से उतरकर युवक के सामने खड़ी हो गई और उसे बचाने लगी। युवती ने साफ कहा कि वह उसी युवक से प्रेम करती है और उसी के साथ शादी करना चाहती है।
घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। दूल्हा पक्ष नाराज होकर बिना विवाह सम्पन्न किए बारात वापस ले गया। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष पुलिस चौकी पहुंचे, जहां देर रात तक बातचीत और पंचायत चली।

जानकारी के अनुसार, युवती की शादी परिवार ने दूसरे युवक से तय की थी। शादी की रस्में चल रही थीं, तभी युवती का प्रेमी वहां पहुंच गया और शादी रुकवाने की बात कहने लगा। इससे विवाद की स्थिति बन गई। बाद में युवती ने पुलिस और परिजनों के सामने बताया कि दोनों कई वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं और अपनी इच्छा से विवाह करना चाहते हैं।
युवती ने आरोप लगाया कि उसकी शादी उसकी सहमति के बिना कराई जा रही थी। वहीं परिवार ने युवक पर शादी में बाधा डालने का आरोप लगाया। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया।
अंततः परिवारों की सहमति के बाद युवती और उसके प्रेमी का मंदिर में विवाह करा दिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों बालिग हैं और आपसी सहमति से शादी करना चाहते थे, इसलिए समझौते के बाद विवाह सम्पन्न कराया गया।
