वाराणसी-छेहर्टा के बीच दौड़ेगी देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत, ‘संत रविदास एक्सप्रेस’ को 17 जुलाई को मिलेगी हरी झंडी

वाराणसी-छेहर्टा के बीच दौड़ेगी देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत, ‘संत रविदास एक्सप्रेस’ को 17 जुलाई को मिलेगी हरी झंडी

वाराणसी (रणभेरी): भारतीय रेलवे यात्रियों को एक और आधुनिक सौगात देने जा रहा है। वाराणसी और पंजाब के छेहर्टा के बीच देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू होने जा रहा है। रेलवे ने इस नई ट्रेन का नाम ‘संत रविदास एक्सप्रेस’ निर्धारित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जालंधर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसी अवसर पर प्रधानमंत्री जालंधर के नवनिर्मित रेलवे स्टेशन का भी उद्घाटन करेंगे।

रेलवे बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार यह ट्रेन नियमित रूप से सप्ताह में तीन दिन दोनों दिशाओं में संचालित होगी। नई सेवा से उत्तर प्रदेश और पंजाब के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को तेज, आरामदायक और आधुनिक सफर का विकल्प मिलेगा।

सप्ताह में तीन दिन चलेगी ट्रेन

रेलवे द्वारा जारी समय-सारिणी के मुताबिक ट्रेन संख्या 14624 छेहर्टा से प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को दोपहर 2:05 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं ट्रेन संख्या 14623 वाराणसी से प्रत्येक गुरुवार, शनिवार और सोमवार को शाम 7:05 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 5:10 बजे छेहर्टा पहुंचेगी।

छेहर्टा से वाराणसी तक का समय

निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ट्रेन छेहर्टा से दोपहर 2:05 बजे रवाना होगी और लगभग 20 मिनट बाद 2:25 बजे अमृतसर पहुंचेगी। यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद यह आगे की यात्रा शुरू करेगी। अगले दिन सुबह 7:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी और दोपहर 12:15 बजे वाराणसी पहुंचेगी।

वाराणसी से वापसी का कार्यक्रम

वाराणसी से यह स्लीपर वंदे भारत शाम 7:05 बजे रवाना होगी। रात 12:10 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन शाम 4:35 बजे अमृतसर पहुंचेगी और अंत में शाम 5:10 बजे छेहर्टा स्टेशन पर अपनी यात्रा समाप्त करेगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

वाराणसी और छेहर्टा के बीच चलने वाली इस ट्रेन का ठहराव निम्नलिखित स्टेशनों पर रहेगा—

वाराणसी, जौनपुर सिटी, सुल्तानपुर, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर, सिटी, अमृतसर, छेहर्टा

इन स्टेशनों के माध्यम से उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब के यात्रियों को तेज गति वाली स्लीपर ट्रेन की सुविधा उपलब्ध होगी।

छेहर्टा में होगा ट्रेन का रखरखाव

रेलवे ने इस ट्रेन के प्राथमिक रखरखाव (Primary Maintenance) की जिम्मेदारी छेहर्टा स्टेशन को सौंपी है। यहीं पर ट्रेन की नियमित तकनीकी जांच, सफाई और अन्य आवश्यक रखरखाव कार्य किए जाएंगे, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।

यात्रियों को मिलेगा आधुनिक सफर

स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस लंबी दूरी की यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। ट्रेन में आधुनिक स्लीपर कोच, बेहतर सुरक्षा सुविधाएं, उन्नत तकनीक और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। वाराणसी और पंजाब के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं, व्यापारियों, छात्रों और अन्य यात्रियों को इस नई सेवा से विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।

17 जुलाई को ट्रेन के शुभारंभ के साथ ही उत्तर भारत के दो प्रमुख क्षेत्रों के बीच तेज और आधुनिक रेल संपर्क को नई मजबूती मिलेगी। रेलवे का मानना है कि यह सेवा यात्रियों के समय की बचत करने के साथ-साथ लंबी दूरी की यात्रा को अधिक सुविधाजनक और आरामदायक बनाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *