बीएचयू छात्रों के लिए राहत की खबर: रिजल्ट अटका तो भी नहीं रुकेगी हॉस्टल-हेल्थ और लाइब्रेरी की सुविधा

बीएचयू छात्रों के लिए राहत की खबर: रिजल्ट अटका तो भी नहीं रुकेगी हॉस्टल-हेल्थ और लाइब्रेरी की सुविधा

वाराणसी (रणभेरी): काशी हिंदू विश्वविद्यालय में सेमेस्टर परीक्षा परिणाम जारी होने में देरी के कारण विद्यार्थियों को हॉस्टल, स्वास्थ्य सेवाओं और लाइब्रेरी की सुविधाओं से वंचित नहीं होना पड़ेगा। परीक्षा परिणाम लंबित होने से समर्थ पोर्टल पर फीस भुगतान का लिंक जेनरेट नहीं होने की स्थिति में भी नियमित विद्यार्थियों को ये सुविधाएं मिलती रहेंगी। छात्र हित में विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। कुलपति की मंजूरी के बाद इसके संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।

विश्वविद्यालय के अनुसार, कई विद्यार्थियों ने शिकायत की थी कि परीक्षा परिणाम लंबित होने के कारण समर्थ पोर्टल पर फीस पेमेंट लिंक नहीं बन रहा है। इसके चलते हॉस्टल, हेल्थ सर्विसेज और लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं का लाभ लेने में उन्हें परेशानी हो रही थी। विद्यार्थियों की समस्या को देखते हुए विश्वविद्यालय ने परिणाम घोषित होने तक राहत देने का निर्णय लिया है।

रिजल्ट आने और औपचारिकताएं पूरी होने तक सुविधा

आदेश के मुताबिक, जिन नियमित विद्यार्थियों का फीस पेमेंट लिंक परीक्षा परिणाम में देरी के कारण जेनरेट नहीं हो पाया है, उन्हें केवल इसी आधार पर हॉस्टल, स्वास्थ्य सेवाओं और लाइब्रेरी से वंचित नहीं किया जाएगा। यह व्यवस्था संबंधित परीक्षा परिणाम घोषित होने और इसके बाद अकादमिक व फीस संबंधी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने तक लागू रहेगी।

इन विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

इस व्यवस्था का लाभ उन्हीं नियमित विद्यार्थियों को मिलेगा, जिन्होंने संबंधित परीक्षा फॉर्म सही तरीके से भरा है और अपने शैक्षणिक कार्यक्रम की परीक्षाओं में शामिल हुए हैं। विद्यार्थी का अपने संबंधित अकादमिक प्रोग्राम की सामान्य अवधि में होना भी जरूरी होगा। यानी परीक्षा परिणाम में देरी और समर्थ पोर्टल पर फीस लिंक नहीं बनने की वजह से पात्र विद्यार्थियों की सुविधाएं नहीं रोकी जाएंगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *