चार साल बायोलॉजी पढ़ाई, अब डिग्री देने से इन्कार; बीएचयू में छात्रों का प्रदर्शन

चार साल बायोलॉजी पढ़ाई, अब डिग्री देने से इन्कार; बीएचयू में छात्रों का प्रदर्शन

विषय चयन में गलती बताकर विश्वविद्यालय ने रोकी डिग्री, दूसरे संस्थान में दाखिला भी अटका

वाराणसी (रणभेरी): काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में चार साल तक बायोलॉजी की पढ़ाई, परीक्षा और परिणाम जारी होने के बाद एक छात्र की डिग्री रोकने का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय की इस कार्रवाई से नाराज छात्रों ने बुधवार को केंद्रीय कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान मौके पर पहुंचे प्राक्टोरियल बोर्ड के अधिकारियों और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच तीखी बहस हुई।

प्रदर्शनकारी छात्र निर्मित (सत्र 2022-26) ने बताया कि उसने विश्वविद्यालय में चार साल तक बायोलॉजी विषय की पढ़ाई की। इस दौरान प्रत्येक वर्ष विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षाएं कराई गईं, परिणाम जारी किए गए और उसे अगले वर्ष में प्रमोट भी किया गया। चार साल की पढ़ाई पूरी करने के बाद जब वह प्रोविजनल डिग्री सर्टिफिकेट (पीडीसी), मार्कशीट और ट्रांसक्रिप्ट लेने पहुंचा तो उसे बताया गया कि उसे बायोलॉजी के बजाय मैथ विषय का चयन करना था। इस आधार पर विश्वविद्यालय ने उसकी डिग्री जारी करने से इन्कार कर दिया।

छात्र ने विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि विषय चयन में कोई गलती थी तो पहले ही वर्ष में इस पर आपत्ति क्यों नहीं जताई गई। चार साल तक पढ़ाई कराने, परीक्षा लेने और परिणाम जारी करने के बाद अब डिग्री रोकना उसके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। डिग्री नहीं मिलने के कारण दूसरे संस्थान में उसका दाखिला भी अटक गया है।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से शैक्षणिक रिकॉर्ड की जांच कराने, विषय चयन में हुई त्रुटि को सुधारने और छात्र की डिग्री जारी करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ न्यायालय की शरण ली जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *