नगर निगम मुख्यालय पहुंचे स्ट्रीट वेंडर, नाइट मार्केट में दुकान आवंटन समेत 5 मांगें रखीं

नगर निगम मुख्यालय पहुंचे स्ट्रीट वेंडर, नाइट मार्केट में दुकान आवंटन समेत 5 मांगें रखीं

वाराणसी (रणभेरी): शहर में फेरी, पटरी और ठेला लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले स्ट्रीट वेंडरों ने मंगलवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पहुंचे व्यवसायियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपने कारोबार की सुरक्षा की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान नगर निगम परिसर में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। मामले की जानकारी मिलने के बाद निगम अधिकारियों ने वेंडरों के प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए बुलाया। महासंघ के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक निगम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल से मुलाकात की और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

नाइट मार्केट को वेंडरों के लिए खोलने की मांग

वेंडरों ने चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर के नीचे बनाए गए नाइट मार्केट को लेकर भी सवाल उठाए। महासंघ का कहना है कि इस बाजार का निर्माण स्ट्रीट वेंडरों को व्यवस्थित स्थान देने के उद्देश्य से किया गया था, लेकिन इसका फायदा वास्तविक पटरी व्यवसायियों को नहीं मिल पा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि नियमों के अनुसार पात्र वेंडरों की पहचान कर उन्हें नाइट मार्केट में दुकानें उपलब्ध कराई जाएं। इससे सड़क किनारे होने वाली भीड़ और अव्यवस्थित ठेला कारोबार को भी निर्धारित स्थान मिल सकेगा।

नगर निगम मुख्यालय पहुंचे स्ट्रीट वेंडर, नाइट मार्केट में दुकान आवंटन समेत 5 मांगें रखीं

पुलिस कार्रवाई पर जताई नाराजगी

बैठक में वेंडरों ने पुलिस और अन्य विभागों की कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप था कि कई इलाकों में दुकान लगाने के दौरान उन्हें कार्रवाई और परेशानियों का सामना करना पड़ता है। महासंघ ने मांग की कि नगर निगम और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि नियमों के तहत कारोबार करने वाले वेंडरों को अनावश्यक कार्रवाई का सामना न करना पड़े। इसके अलावा व्यवसायियों ने पर्याप्त वेंडिंग जोन विकसित करने, रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अलग-अलग विभागों में लंबित मामलों का जल्द निस्तारण कराने की मांग भी रखी।

नगर निगम मुख्यालय पहुंचे स्ट्रीट वेंडर, नाइट मार्केट में दुकान आवंटन समेत 5 मांगें रखीं

9 अक्टूबर को होगी टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि 9 अक्टूबर 2026 को टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक प्रस्तावित है। बैठक में स्ट्रीट वेंडरों की ओर से रखे गए मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

पुलिस कार्रवाई से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ भी समन्वय बैठक किए जाने की बात कही गई। निगम प्रशासन के अनुसार संबंधित विभागों को साथ बैठाकर वेंडरों की समस्याओं के समाधान का रास्ता तलाशा जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *