वाराणसी से दिल्ली के बीच चलने वाली स्लीपर वंदेभारत में यात्रियों को मिलेगा खास भोजन, दाल-चावल से लेकर रोटी, सब्जी, दही और मिठाई तक की होगी व्यवस्था
वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश की पहली स्लीपर वंदेभारत एक्सप्रेस में यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के साथ खानपान का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। ट्रेन के संचालन के साथ ही रेलवे ने इसमें मिलने वाली खानपान सुविधाओं की जानकारी साझा की है। रेलवे के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर सरकारी दरों के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने की बात कही गई है। सुबह यात्रियों को गर्म चाय परोसी जाएगी, जबकि रात के सफर को देखते हुए डिनर की विशेष व्यवस्था की गई है।
दरअसल, इस ट्रेन में जनरल कोच की व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा कोच के दरवाजे निर्धारित समय पर बंद हो जाते हैं। ऐसे में बाहरी वेंडरों के लिए ट्रेन में खाद्य सामग्री बेचने की गुंजाइश नहीं होगी। यात्रियों को भोजन और अन्य खानपान की सुविधाएं रेलवे की ओर से उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए आइआरसीटीसी को जिम्मेदारी दी गई है।
दाल, चावल, रोटी और मिठाई से सजेगी थाली
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यात्रियों के लिए भोजन की थाली में दाल, चावल, रोटी, सब्जी, दही, छाछ, अचार और मिठाई जैसे व्यंजन शामिल होंगे। यात्रियों की पसंद के अनुसार भोजन में बदलाव या कस्टमाइजेशन कराने पर शुल्क में अंतर हो सकता है। इसके अलावा आइआरसीटीसी की ओर से अन्य खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। यात्री अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार इनकी मांग कर सकेंगे।

रात के सफर में डिनर पर विशेष जोर
वाराणसी से दिल्ली के बीच चलने वाली यह ट्रेन शाम से सुबह तक का सफर तय करेगी। ऐसे में रेलवे की ओर से रात के भोजन को लेकर विशेष तैयारी की गई है। सुबह की शुरुआत गर्म चाय के साथ होगी। रेलवे का प्रयास है कि यात्रियों को सफर के दौरान गुणवत्तापूर्ण भोजन और बेहतर खानपान सुविधा मिल सके।
थर्ड एसी में देना होगा सेकेंड एसी के बराबर किराया
स्लीपर वंदेभारत में आधुनिक और लग्जरी सुविधाओं के साथ किराया भी सामान्य ट्रेनों की तुलना में अधिक रखा गया है। सामान्य ट्रेनों में सेकेंड एसी का जो किराया लगता है, उसके बराबर इस ट्रेन के थर्ड एसी में भुगतान करना होगा। इसी तरह सामान्य ट्रेनों के फर्स्ट एसी के बराबर किराया इस ट्रेन के सेकेंड एसी में देना होगा। वहीं, फर्स्ट एसी का किराया 3030 रुपये निर्धारित किया गया है।
27421 से वाराणसी से दिल्ली और 27422 से वापसी
रेलवे के अनुसार, वाराणसी से दिल्ली की ओर जाने वाली स्लीपर वंदेभारत एक्सप्रेस का ट्रेन नंबर 27421 होगा। जबकि दिल्ली से वाराणसी लौटने वाली ट्रेन 27422 नंबर से संचालित होगी। आधुनिक सुविधाओं, बेहतर खानपान और आरामदायक सफर के साथ यह ट्रेन यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा का नया अनुभव देने की तैयारी में है।
