(रणभेरी): जनपद के घोसी क्षेत्र में बुधवार देर रात गश्त के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक पुलिसकर्मी की जान चली गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घोसी कोतवाली क्षेत्र में तैनात पुलिस की मोबाइल टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार डंपर ने पुलिस की जीप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।
इस हादसे में वाराणसी निवासी पवन यादव (38) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं पीआरडी जवान ओम प्रकाश यादव (45), विनोद कुमार सिंह (54) और प्रीतम कुमार यादव (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद पवन यादव को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बताया कि हादसा देर रात गश्त के दौरान हुआ, जब एक अनियंत्रित डंपर ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
