सोना तालाब क्षेत्र में महानगर योग शिविर ने चलाया सेवा अभियान, श्रद्धालुओं को मिली राहत
वाराणसी (रणभेरी): भीषण गर्मी के बीच पंचकोश यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए शुक्रवार प्रातः सोना तालाब क्षेत्र में महानगर योग शिविर के माध्यम से पानी, बिस्कुट एवं सत्तू का वितरण किया गया। तपती धूप और लंबी पैदल यात्रा के कारण परेशान श्रद्धालुओं को इस सेवा से काफी राहत मिली।
इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे सनातन परंपरा को जीवित रखने के उद्देश्य से पंचकोश यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के मार्ग में पर्याप्त व्यवस्थाओं के अभाव के चलते श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, ऐसे में यह सेवा कार्य राहतकारी साबित हुआ।
व्यापारी नेता अनुज डीडवानिया की प्रेरणा से तथा सोमनाथ विश्वकर्मा के नेतृत्व में यह सेवा अभियान संचालित किया गया। इस अवसर पर सोमनाथ विश्वकर्मा, रजनीश कनौजिया एवं देवांश चौबे ने कहा कि सेवा ही सनातन संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है, जो समाज में भाईचारा और धार्मिक आस्था को और मजबूत करती है।
समाजसेवी दिनेश खुराना, शैलेश गुप्ता ‘बम बम’ एवं राजन जायसवाल ने लोगों से अपील की कि वे सनातन परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ ऐसे सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
