अखिलेश यादव के जन्मदिन से पहले काशी पहुंचीं सांसद डिंपल यादव, मंगला आरती में शामिल होकर परिवार संग किया मंदिरों का दर्शन

अखिलेश यादव के जन्मदिन से पहले काशी पहुंचीं सांसद डिंपल यादव, मंगला आरती में शामिल होकर परिवार संग किया मंदिरों का दर्शन

वाराणसी (रणभेरी): समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन से एक दिन पहले उनकी पत्नी एवं सांसद डिंपल यादव दो दिवसीय धार्मिक प्रवास पर वाराणसी पहुंचीं। सोमवार देर रात करीब 10:30 बजे काशी पहुंचने के बाद उन्होंने मंगलवार तड़के अपने कार्यक्रमों की शुरुआत की। सुबह लगभग 5 बजे वह श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचीं, जहां मंगला आरती में श्रद्धापूर्वक शामिल होने के साथ भगवान शिव का विधि-विधान से अभिषेक और पूजन किया।

मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान डिंपल यादव ने अपने पति अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखद जीवन की कामना की। इसके साथ ही प्रदेश और देश में शांति, समृद्धि, सामाजिक सद्भाव तथा खुशहाली की प्रार्थना भी की। मंगला आरती के दौरान मंदिर परिसर का आध्यात्मिक वातावरण भक्तिमय बना रहा और उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी उनके साथ अपनी आस्था प्रकट की।

कई प्रमुख मंदिरों में किए दर्शन

काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के बाद डिंपल यादव ने अपने बच्चों के साथ मां अन्नपूर्णा मंदिर, काल भैरव मंदिर और संकट मोचन हनुमान मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया। धार्मिक स्थलों पर उन्होंने विधिवत पूजा कर परिवार और समाज की खुशहाली की कामना की। मंदिरों के दर्शन के बाद उन्होंने काशी की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को भी करीब से देखा और उसके महत्व पर चर्चा की।

अखिलेश यादव के जन्मदिन से पहले काशी पहुंचीं सांसद डिंपल यादव, मंगला आरती में शामिल होकर परिवार संग किया मंदिरों का दर्शन

आम लोगों की तरह किया शहर का भ्रमण

धार्मिक कार्यक्रमों के बाद डिंपल यादव बिना किसी विशेष राजनीतिक प्रदर्शन के आम नागरिकों की तरह शहर की गलियों में घूमती नजर आईं। सुबह करीब 10 बजे वह गोदौलिया क्षेत्र पहुंचीं, जहां स्थानीय लोगों के बीच रुककर वाराणसी की प्रसिद्ध पान संस्कृति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने एक प्रसिद्ध दुकान पर मीठा गुलकंद वाला पान खाया तथा मघई पान की गुणवत्ता और उसकी विशेषताओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उनकी बेटियों ने भी पान का स्वाद लिया।

कचौड़ी गली में लिया बनारसी व्यंजनों का आनंद

इसके बाद लगभग 11:30 बजे डिंपल यादव काशी की प्रसिद्ध कचौड़ी गली पहुंचीं। यहां उन्होंने पारंपरिक बनारसी दाल और हींग की कचौड़ी का स्वाद लिया। स्थानीय व्यंजनों का आनंद लेने के दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों से शहर की खानपान संस्कृति और पुराने बाजारों की विशेषताओं पर भी बातचीत की।

पारंपरिक मिठाइयों की खरीदारी

कचौड़ी गली से निकलने के बाद डिंपल यादव पक्का महाल क्षेत्र पहुंचीं, जहां उन्होंने वाराणसी की प्रसिद्ध पारंपरिक मिठाइयों का स्वाद लिया। दूध से तैयार होने वाली स्थानीय मिठाइयों की सराहना करते हुए उन्होंने कई मिठाइयों की खरीदारी भी की और कुछ मिठाइयां पैक कराकर अपने साथ ले गईं।

दालमंडी क्षेत्र का लिया जायजा

अपने भ्रमण के दौरान सांसद डिंपल यादव दालमंडी क्षेत्र के आसपास भी पहुंचीं। उन्होंने बाहर से बाजार और गलियों का अवलोकन किया तथा स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और व्यापारिक गतिविधियों की जानकारी ली। बातचीत के दौरान उन्होंने पुराने बाजार की बदलती स्थिति और स्थानीय कारोबारियों की चुनौतियों को लेकर चिंता भी व्यक्त की।

घाटों का भी किया भ्रमण

मंदिर दर्शन और शहर भ्रमण के दौरान डिंपल यादव ने गंगा घाटों का भी नजारा देखा। घाटों की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता पर चर्चा करते हुए उन्होंने कुछ समय वहां बिताया। इसके बाद अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होटल लौट गईं।

सादगी भरे पारंपरिक परिधान में दिखीं

पूरे धार्मिक दौरे के दौरान डिंपल यादव बेहद सादगीपूर्ण और पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में नजर आईं। उन्होंने हल्के हरे तथा भूरे-नीले रंग की साधारण साड़ी पहन रखी थी, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उनके सरल व्यवहार और बिना किसी औपचारिकता के आम लोगों के बीच घूमने के अंदाज की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।

कई नेता रहे मौजूद

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और पूजा के दौरान समाजवादी पार्टी की मछलीशहर लोकसभा सीट से सांसद प्रिया सरोज, पार्टी के युवा नेता तनुज पांडेय तथा नितेश सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे। सभी ने मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद अन्य धार्मिक स्थलों का भी दर्शन किया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *