शिवपुर में दलित युवक पर खौलती चाय फेका, मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप

शिवपुर में दलित युवक पर खौलती चाय फेका, मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र में वाहन हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान एक दलित युवक पर खौलती चाय फेंक दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। पीड़ित को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भेलखा बड़ागांव निवासी अजय पुत्र जवाहर लाल ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह उसरपुरवा स्थित पंचक्रोशी चौराहे पर अपनी मैजिक गाड़ी में सेंटरिंग का सामान लोड कर रहा था। इसी दौरान चिथरियापुर निवासी एक चाय विक्रेता अपनी मोटरसाइकिल से वहां से गुजर रहा था। गाड़ी को आगे-पीछे करने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बाइक सवार ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने अपने परिजनों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद अजय के साथ बल्ली और लोहे की रॉड से मारपीट की गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।

शिवपुर में दलित युवक पर खौलती चाय फेका, मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप

घटना यहीं नहीं रुकी। पीड़ित के बड़े भाई विजय के मौके पर पहुंचने और विवाद का कारण पूछने पर आरोपियों ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और खौलती चाय से भरी केतली अजय पर फेंक दी। इससे अजय गंभीर रूप से झुलस गया।

घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस संबंध में शिवपुर इंस्पेक्टर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि घायल का मेडिकल कराया गया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *