वाराणसी (रणभेरी): धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है। मंगलवार सुबह शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 203 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। देशभर के शहरों की प्रदूषण रैंकिंग में वाराणसी 79वें स्थान पर रहा। हवा में प्रदूषक कणों की बढ़ती मात्रा से लोगों की सेहत पर खतरा मंडराने लगा है।
मंगलवार सुबह शहर का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा की रफ्तार पांच किलोमीटर प्रति घंटे और वातावरण में नमी का स्तर 64 प्रतिशत रहा। मौसम सामान्य होने के बावजूद वायु गुणवत्ता खराब बनी हुई है।
कई इलाकों में 200 के पार पहुंचा AQI
शहर के अलग-अलग इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक रहा। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, गोकुल नगर कॉलोनी में सबसे अधिक 213 AQI दर्ज किया गया। दुर्गाकुंड स्टेशन-2 में वायु गुणवत्ता सूचकांक 210, दुर्गाकुंड में 207 और अनमोल नगर कॉलोनी में 204 रहा। भगवानपुर में AQI 203 दर्ज किया गया। वहीं भेलूपुर में यह 192 रहा।
पीएम 2.5 की बढ़ती मात्रा भी चिंता का विषय
हवा में मौजूद सूक्ष्म प्रदूषक कण पीएम 2.5 का स्तर भी स्वास्थ्य के लिहाज से चिंताजनक बना हुआ है। गोकुल नगर कॉलोनी में पीएम 2.5 की मात्रा 138 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज की गई। दुर्गाकुंड में यह 132 और अनमोल नगर कॉलोनी में 129 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रही। पीएम 2.5 के बढ़ते स्तर से सांस संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत
बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा सहित सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। सुबह और शाम के समय खुले में ज्यादा देर तक रहने से बचना चाहिए। साथ ही पार्कों और सड़कों पर भारी व्यायाम करने से भी परहेज करना बेहतर होगा।
जरूरत पड़ने पर घर से बाहर निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क पहनें। प्रदूषण का स्तर कम होने तक सावधानी बरतना जरूरी है, ताकि खराब हवा का स्वास्थ्य पर पड़ने वाला असर कम किया जा सके।
