लोहटिया में अधिवक्ता से मारपीट का मामला: व्यापारियों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

लोहटिया में अधिवक्ता से मारपीट का मामला: व्यापारियों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

वाराणसी (रणभेरी): लोहटिया क्षेत्र में अधिवक्ता के साथ मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर व्यापारियों ने सवाल उठाए हैं। श्री बड़ागणेश लोहटिया लोहा व्यापार समिति ने आरोप लगाया है कि जांच पूरी होने से पहले ही अधिवक्ता के दबाव में व्यापारी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं है। समिति ने 30 अक्टूबर को पत्र जारी कर बार एसोसिएशन और वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

समिति ने अपने पत्र में कहा है कि अधिवक्ता समाज का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। समाज में अधिवक्ताओं को सम्मान और बड़ी उम्मीदों के साथ देखा जाता है, लेकिन कुछ अधिवक्ताओं पर आरोप है कि विवादों के बाद मध्यस्थता के नाम पर पैसे के लेन-देन की बात की जाती है। समिति का दावा है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं।

व्यापार समिति ने बार एसोसिएशन से अपील की है कि ऐसे मामलों में संलिप्तता के आरोपों की जांच कर संबंधित अधिवक्ताओं को चिन्हित किया जाए और संगठन के स्तर पर उचित कार्रवाई की जाए। समिति का कहना है कि इससे अधिवक्ता समाज की प्रतिष्ठा बनी रहेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति पर रोक लग सकेगी।

लोहटिया में अधिवक्ता से मारपीट का मामला: व्यापारियों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

पुलिस से दबावमुक्त कार्रवाई की मांग

समिति ने वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट और कोतवाली पुलिस से भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि किसी भी पक्ष के दबाव में आकर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। घटना में जिसकी जितनी गलती हो, उसके अनुसार ही कानूनी कार्रवाई की जाए और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति को उसके अपराध के अनुसार सजा मिले।

व्यापार समिति ने स्पष्ट किया कि कानून के दायरे में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई ही व्यापारियों तथा अधिवक्ताओं के बीच विश्वास कायम रखने का माध्यम है। समिति ने प्रशासन से मामले के सभी पहलुओं की जांच कर न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *