नरिया तिराहे के पास आशुतोष नगर में हुई घटना, पेट में दो और हाथ में लगी एक गोली; पुलिस कमिश्नर मौके पर पहुंचे, जांच के लिए तीन टीमें गठित
वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में शुक्रवार की देर शाम असलहा तस्करों को पकड़ने पहुंची क्राइम टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसमें एक सिपाही को तीन गोलियां लगीं। दो गोलियां पेट और एक गोली हाथ में लगी है। गंभीर रूप से घायल सिपाही को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। पुलिस कमिश्नर भी घटनास्थल पर पहुंचे।
मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं।घटना कमिश्नरेट के लंका थाना क्षेत्र में सुंदरपुर सब्जी मंडी के पीछे आशुतोष नगर की है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को इलाके में असलहों के साथ तस्करों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद लंका थाना की क्राइम टीम के चार सिपाही मौके पर पहुंचे। टीम का उद्देश्य असलहा तस्करों को पकड़ना था।

पुलिस टीम पर अचानक की फायरिंग
बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम का सामना तीन असलहा तस्करों से हुआ। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घायल सिपाही को तत्काल ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मौके पर पहुंचे पुलिस कमिश्नर, जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस कमिश्नर ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपियों की धरपकड़ और पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
