वाराणसी में तूफान का असर, करवा चौथ पर चांद के दीदार में बाधा बन सकते हैं बादल

वाराणसी में तूफान का असर, करवा चौथ पर चांद के दीदार में बाधा बन सकते हैं बादल

अगले 48 घंटे बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट; ज्योतिषाचार्य ने शाम 7:57 बजे अर्घ्य देने की बताई सलाह

वाराणसी (रणभेरी): शहर में तूफान के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम के इस बदले मिजाज का असर करवा चौथ पर भी पड़ सकता है। आसमान में बादल छाए रहने से व्रती महिलाओं को चांद के दीदार के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

करवा चौथ पर महिलाएं पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के साथ निर्जला व्रत रखती हैं। परंपरा के अनुसार, चंद्र दर्शन और अर्घ्य देने के बाद व्रत खोला जाता है। ऐसे में खराब मौसम ने व्रती महिलाओं की चिंता बढ़ा दी है।

शाम 6 से 8 बजे तक पूजा का समय

ज्योतिषाचार्य श्रीराम शर्मा के मुताबिक, करवा चौथ पर पूजा का समय शाम छह बजे से रात आठ बजे तक बताया गया है। उन्होंने शाम 7:57 बजे अर्घ्य देने का समय बताया है। उनके अनुसार, यदि उस समय तक चांद बादलों के पीछे छिपा रहने के कारण दिखाई नहीं देता है, तो महिलाएं निर्धारित समय पर अर्घ्य देकर व्रत खोल सकती हैं। हालांकि, उन्होंने आशंका जताई कि खराब मौसम के कारण चंद्र दर्शन में परेशानी हो सकती है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, वाराणसी में बादल छाए रहने के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना है। तेज हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में शाम के समय आसमान साफ रहने की संभावना को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

बाजारों में करवा चौथ की रौनक

मौसम की चिंता के बीच करवा चौथ को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बनी हुई है। महिलाएं पूजा की तैयारियों के लिए करवा, छलनी, पूजा सामग्री, कपड़े, चूड़ियां और शृंगार का सामान खरीद रही हैं। कई महिलाओं ने त्योहार के लिए मेहंदी भी लगवाई है।
बाजारों में खरीदारी का माहौल है और महिलाएं व्रत की तैयारियों में जुटी हैं। हालांकि, मौसम के बदले मिजाज ने त्योहार के सबसे अहम पल चांद के दीदार को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब व्रती महिलाओं की नजरें शाम के मौसम और आसमान साफ होने की संभावना पर टिकी हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *