वाराणसी (रणभेरी): भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा की ओर से दशाश्वमेध घाट पर माँ गंगा का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ पूजन एवं दुग्धाभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल के नेतृत्व में हुआ। वक्ताओं ने कार्यक्रम को सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक जागरूकता से जुड़ा आयोजन बताते हुए समाज में धार्मिक चेतना को मजबूत करने की बात कही।
राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक मूल्यों को मिली नई पहचान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोमनाथ विश्वकर्मा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के नेतृत्व में देशभर में सनातन संस्कृति को नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक भाजपा की विचारधारा को जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय नेतृत्व और उत्तर प्रदेश सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रहित और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

पश्चिम बंगाल में बदलाव की उम्मीद
अनूप जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पश्चिम बंगाल लंबे समय तक विकास और सांस्कृतिक मूल्यों से दूर रहा, लेकिन अब वहां परिवर्तन का वातावरण दिखाई दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को और अधिक भव्य रूप मिलेगा तथा समाज में शांति और सौहार्द का माहौल मजबूत होगा। उन्होंने माँ गंगा से देश और समाज की उन्नति के लिए प्रार्थना भी की।
दिवंगत कार्यकर्ताओं को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल में संगठन के लिए कार्य करते हुए जान गंवाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को नमन किया। इस अवसर पर धीरेंद्र शर्मा, शंकर जायसवाल, चन्द्र विजय सिंह, कुलदीप वर्मा, संजय गुप्ता, राहुल श्रीवास्तव और सुनील शर्मा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
