वाराणसी (रणभेरी) : फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार दोपहर वाराणसी–लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब रामपुर–सुरही ब्रिज के समीप एक युवती सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ी मिली। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने उसे देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 2 बजे के आसपास स्थानीय लोगों ने युवती को हाईवे किनारे बेसुध हालत में देखा तो वहां भीड़ एकत्र हो गई। इसी दौरान मौजूद एक समाजसेवी ने मानवीय पहल करते हुए युवती को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, उसे पानी पिलाया और तत्काल एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी।
होश में आने पर युवती ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह पढ़ाई के सिलसिले में घर से बाहर गई थी। उसके अनुसार, रास्ते में उसे दो परिचित युवकों ने साथ लिया और किसी बहाने से अपने साथ ले गए। युवती का आरोप है कि यात्रा के दौरान उसे लस्सी पिलाई गई, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे चक्कर व नशे जैसा प्रभाव महसूस हुआ। पीड़िता ने आगे आरोप लगाया कि कथित रूप से दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट की और बाद में उसे हाईवे किनारे छोड़कर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर फूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। युवती को प्राथमिक उपचार के लिए पिंडरा स्थित स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। युवती के आरोपों की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी, जिसमें यह स्पष्ट होगा कि उसे कोई नशीला पदार्थ दिया गया था या नहीं।
फूलपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयान और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, संदिग्ध युवकों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और उनकी तलाश जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी है, जबकि इलाके में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।
