धनतेरस पर खरीदी थी बाइक, भैरो बाबा के दर्शन के लिए जाते समय हुआ हादसा
(रणभेरी): कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पासीपुर गांव में मंगलवार की सुबह बोलेरो और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी बाइक आग लगने से पूरी तरह जलकर राख हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक धनतेरस पर ही खरीदी गई थी।
जानकारी के अनुसार, मुखलिसपुर गांव निवासी हरिराम प्रजापति (55) अपने पुत्र प्रिंस प्रजापति (18) के साथ मंगलवार की सुबह महराजगंज स्थित भैरो बाबा के दर्शन के लिए घर से निकले थे। दोनों पासीपुर गांव के पास शारदा सहायक खंड-32 मुखलिसपुर रोड पर जुड़वा पुल के समीप पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बाइक में आग लग गई और देखते ही देखते वह धू-धू कर जलने लगी। कुछ ही देर में बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई।
हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल पिता-पुत्र को उपचार के लिए रानीपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। ग्रामीणों के अनुसार, घटना की सूचना देने के करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वापस लौट गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
