वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में हैदराबाद गेट के पास एक छात्र और विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों के बीच कथित रूप से हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। छात्र ने गंभीर आरोप लगाते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को शिकायत सौंपी है, जिसके बाद मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है।
घटना को लेकर छात्र नीर (नाम परिवर्तित) ने विश्वविद्यालय के कुलपति Ajit Kumar Chaturvedi को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की जानकारी दी है। शिकायत में कहा गया है कि वह रात लगभग 11:30 बजे अस्पताल जाने के लिए हैदराबाद गेट क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी प्राक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक लिया और पहचान पत्र दिखाने को कहा।
छात्र के अनुसार, जल्दबाज़ी में कार्ड साथ न होने पर उन्होंने मोबाइल पर पहचान दिखाने की बात कही, लेकिन इस दौरान वहां अन्य छात्रों के बिना जांच के प्रवेश को लेकर उन्होंने सवाल उठाया। इसी बात पर बहस बढ़ने का आरोप है।

छात्र का आरोप है कि इसके बाद सुरक्षाकर्मी उन्हें परिसर के भीतर एक बंद कमरे में ले गए, जहां उनके साथ मारपीट की गई। शिकायत में दावा किया गया है कि लगभग 15 मिनट तक उन्हें पीटा गया, जिससे शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं।
छात्र ने आगे आरोप लगाया कि इस दौरान जब उन्होंने घटना को मोबाइल पर रिकॉर्ड करने की कोशिश की तो सुरक्षाकर्मियों ने उनका फोन और कैमरा छीनने का प्रयास किया। शिकायत के अनुसार, हाथापाई के दौरान उन्हें बरामदे में घसीटा गया और उनका मोबाइल छीनकर वीडियो रिकॉर्डिंग बंद करवाई गई। छात्र ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान वह अकेले थे और मदद के लिए पुकारते रहे, लेकिन उन्हें कथित रूप से दबाव और बल प्रयोग का सामना करना पड़ा। घटना के बाद छात्र ने विश्वविद्यालय प्रशासन से न्याय की मांग करते हुए विस्तृत शिकायत दर्ज कराई है।
मामले के सामने आने के बाद काशी हिंदू विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक औपचारिक समिति गठित कर दी गई है। समिति को निर्देश दिए गए हैं कि वह सभी पक्षों के बयान दर्ज कर निष्पक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करे।
जानकारी के अनुसार, छात्र को भी पूछताछ के लिए प्राक्टोरियल बोर्ड कार्यालय बुलाया गया है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा सके और आवश्यक कार्रवाई तय की जा सके। फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में इस घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है, जबकि जांच समिति अपनी कार्यवाही आगे बढ़ा रही है।
