PCS-2025 का परिणाम निरस्त होने पर सपा का प्रदर्शन, राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग

PCS-2025 का परिणाम निरस्त होने पर सपा का प्रदर्शन, राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग

एमएलसी आशुतोष सिन्हा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे सपा नेता और युवा, आयोग की जवाबदेही तय करने की उठाई मांग

(रणभेरी): पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम इलाहाबाद हाईकोर्ट की ओर से निरस्त किए जाने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। इस मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) आशुतोष सिन्हा के नेतृत्व में सपा नेताओं और युवाओं के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, आयोग की जवाबदेही तय करने और अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा करने की मांग उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की।

एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रक्रियागत त्रुटियों और आरक्षण व मेरिट से जुड़े विवादों के कारण लाखों प्रतियोगी अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। अभ्यर्थी वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन आयोग की गलतियों का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के फैसले के बाद अभ्यर्थियों में असमंजस और चिंता का माहौल है। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा पैदा न हो।

सरकार और आयोग की जवाबदेही तय करने की मांग

सिन्हा ने कहा कि प्रदेश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार और आयोग की लापरवाही का दंड मेहनती अभ्यर्थियों को नहीं मिलना चाहिए। युवाओं को न्याय दिलाना और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष तथा समयबद्ध तरीके से पूरा कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने राज्यपाल से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर प्रदेश सरकार को आवश्यक निर्देश देने की मांग की।

नए सिरे से जारी होगा परीक्षा परिणाम

गौरतलब है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आरक्षण नियमों और ओपन कैटेगरी में अभ्यर्थियों के आवंटन से जुड़े विवाद पर सुनवाई के बाद यूपी पीसीएस-2025 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम निरस्त कर दिया है। अदालत ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को नए सिरे से परिणाम जारी करने का निर्देश दिया है। संशोधित परिणाम जारी होने के बाद मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की प्रक्रिया भी नए सिरे से आगे बढ़ेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान हारून अंसारी, राहुल सिंह यादव, राहुल गुप्ता, ईशान श्रीवास्तव, अब्दुल कलाम, राहुल कनोजिया, सतीश यादव, साहिल खान, फिरोज अहमद, अजय चौरसिया, दिलशाद अहमद, जीशान अंसारी, आनंद पाण्डेय, सागर यादव, राजबली विश्वकर्मा, मनोज यादव, रवि सेठ, अयाज, सत्यम यादव, रत्न सिसौदिया, वीरेंद्र यादव और राकेश यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *