महात्मा ज्योतिबा फुले की 136वीं पुण्यतिथि पर AAP ने दी श्रद्धांजलि, सामाजिक समानता और स्त्री शिक्षा का लिया संकल्प

महात्मा ज्योतिबा फुले की 136वीं पुण्यतिथि पर AAP ने दी श्रद्धांजलि, सामाजिक समानता और स्त्री शिक्षा का लिया संकल्प

वाराणसी (रणभेरी): आम आदमी पार्टी जिला वाराणसी के तत्वावधान में शनिवार, 28 नवंबर 2026 को कैंप कार्यालय पितरकुंडा में महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की 136वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल के नेतृत्व में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सामाजिक योगदान और क्रांतिकारी विचारों को याद किया गया। इस दौरान सामाजिक समरसता, स्त्री शिक्षा, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया गया।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने अपना संपूर्ण जीवन जातिगत भेदभाव, सामाजिक कुरीतियों और असमानता के खिलाफ संघर्ष में समर्पित कर दिया। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन और शोषण से मुक्ति का सबसे प्रभावी माध्यम माना। इसी उद्देश्य से वर्ष 1848 में पुणे में बालिकाओं के लिए पाठशाला की शुरुआत की और अपनी पत्नी सावित्रीबाई फुले को शिक्षित कर महिला शिक्षा के आंदोलन को आगे बढ़ाया।

महात्मा ज्योतिबा फुले की 136वीं पुण्यतिथि पर AAP ने दी श्रद्धांजलि, सामाजिक समानता और स्त्री शिक्षा का लिया संकल्प

वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1873 में सत्यशोधक समाज की स्थापना कर ज्योतिबा फुले ने सामाजिक समानता और शोषित-वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा दी। उनकी कालजयी रचनाएं ‘गुलामगिरी’ और ‘शेतकऱ्याचा आसूड’ आज भी सामाजिक चेतना और न्याय की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने किसानों, श्रमिकों, महिलाओं और समाज के वंचित तबकों को सम्मान एवं अधिकार दिलाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने महात्मा ज्योतिबा फुले के बताए रास्ते पर चलने, शिक्षा का प्रसार करने, सामाजिक भेदभाव मिटाने और समाज में समानता एवं मानवीय गरिमा स्थापित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल, प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष अब्दुल्ला खान, जिला महासचिव घनश्याम पांडेय, अमर सिंह पटेल, गुलाब सिंह राठौर, मनीष कसौधन, काशीनाथ और अब्बास सहित पार्टी के अन्य साथी उपस्थित रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *