बीएचयू के छात्रों के दो गुटों में सीर गेट पर भिड़ंत, इलाके में मचा हड़कंप

बीएचयू के छात्रों के दो गुटों में सीर गेट पर भिड़ंत, इलाके में मचा हड़कंप

वाराणसी (रणभेरी): सीर गेट स्थित लंका थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया जब युवकों के दो गुटों के बीच हुई मामूली बहस अचानक हिंसक झड़प में बदल गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई और ईंट-पत्थर चलने लगे। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई तथा राहगीरों और दुकानदारों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सीर गेट के पास एक चाय की दुकान पर कुछ युवक बैठे हुए थे। इसी दौरान कई युवक मोटरसाइकिलों से वहां पहुंचे। बातचीत के दौरान किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से हाथापाई शुरू हो गई, जो बाद में हिंसक रूप ले गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि झगड़े के दौरान सड़क पर कुछ देर तक भगदड़ जैसी स्थिति बनी रही। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन स्थिति काफी देर तक तनावपूर्ण बनी रही। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें युवकों को एक-दूसरे पर हमला करते देखा जा सकता है।

सूत्रों के अनुसार, विवाद में शामिल दोनों गुट काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्रों के बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि कैंपस से जुड़े किसी पुराने विवाद को लेकर यह झड़प हुई।

मामले की सूचना मिलने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। वीडियो और फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *