ड्रोन से निगरानी कर प्रतिबंधित मांझे से पतंग उड़ाने वालों को किया चिह्नित, परिजनों को चेतावनी
वाराणसी (रणभेरी): प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जैतपुरा पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने गुरुवार शाम उचवां के पास नख्खी घाट पुल मार्ग पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से सात किलो प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से प्रतिबंधित मांझे की बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की और मो. इस्लाम उर्फ अरमान (26) को पकड़ लिया। आरोपी सरैया बाजार में शंकर चाय की दुकान वाली गली का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास रखी सफेद बोरी से मांझा मिला। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर इसकी मात्रा सात किलो पाई गई।
राहगीरों और पक्षियों के लिए खतरनाक है चाइनीज मांझा
पुलिस ने लोगों को प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के इस्तेमाल और कारोबार से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, यह मांझा बेहद धारदार होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। इसकी चपेट में आने से लोगों को चोट लगने के साथ पक्षियों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है।
ड्रोन से पांच इलाकों में निगरानी
प्रतिबंधित मांझे के इस्तेमाल पर अंकुश लगाने के लिए जैतपुरा पुलिस ने गुरुवार को ड्रोन के जरिए कई इलाकों में निगरानी अभियान चलाया। सरैया, कज्जाकपुरा फ्लाईओवर, चौकाघाट, ढेलवरिया और दोषीपुरा में पतंग उड़ाने वालों पर नजर रखी गई। इस दौरान प्रतिबंधित मांझे का इस्तेमाल करते पाए गए नाबालिगों के परिजनों को बुलाकर सख्त हिदायत दी गई।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में जैतपुरा थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह, सरैया चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विकास पांडेय, हेड कांस्टेबल विजय सरोज तथा कांस्टेबल लक्ष्मीकांत और रिंकू कुमार शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल रोकने के लिए अभियान जारी रहेगा।
