वाराणसी (रणभेरी) : शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए चौबेपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सोनकर को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण में अपेक्षित सफलता न मिलने, गंभीर मामलों में लापरवाही बरतने तथा वरिष्ठ अधिकारियों को सही जानकारी न देने जैसे आरोपों के बाद की गई है।
पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से चौबेपुर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म, लूट, अपहरण और अन्य संगीन अपराधों की घटनाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। विशेष रूप से एक किशोरी के कथित अपहरण और दूसरे जिले में ले जाकर बेचने से जुड़े मामले की जांच और कार्रवाई में हुई देरी को विभाग ने गंभीरता से लिया। इस प्रकरण में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हुए थे।
बताया जाता है कि शुक्रवार को आयोजित अपराध समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर ने थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराधों और लंबित मामलों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान चौबेपुर थाने की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए संबंधित निरीक्षक से जवाब-तलब किया गया। अधिकारियों को संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन भेजने के आदेश जारी कर दिए गए।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि वीरेंद्र सोनकर इससे पहले भी कई थानों पर तैनात रह चुके हैं और विभिन्न अवसरों पर उनकी कार्यशैली को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। पूर्व में भी उन्हें एक थाने से हटाया गया था, लेकिन बाद में अन्य स्थानों पर जिम्मेदारी दी गई। हालांकि समय-समय पर उनके खिलाफ पक्षपातपूर्ण कार्रवाई, शिकायतों के निस्तारण में ढिलाई और विवादित मामलों में निष्पक्षता को लेकर सवाल उठते रहे।
जानकारी के अनुसार, हाल के दिनों में एक मामले में कुछ युवकों के खिलाफ कथित रूप से दबाव बनाकर मुकदमा दर्ज कराने के आरोप भी चर्चा में रहे। विभाग ने इन शिकायतों को भी रिकॉर्ड पर लिया और समग्र कार्यप्रणाली का मूल्यांकन करने के बाद प्रशासनिक निर्णय लिया।
उधर, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को सक्रिय पुलिसिंग, त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए हैं।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत जंसा थाने में तैनात निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा को चौबेपुर थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं पुलिस आयुक्त के जनसंपर्क अधिकारी सत्यजीत सिंह को जंसा थाने की कमान सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त अभिषेक पांडेय का तबादला पुलिस लाइन से साइबर क्राइम थाने में किया गया है।
पुलिस विभाग में हुए इस बदलाव को प्रशासन की सख्त कार्यशैली के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इस प्रकार की जवाबदेही तय होने से थाना स्तर पर पुलिसिंग में सुधार आएगा और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी।
