वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया जब जीआरपी की नियमित चेकिंग के दौरान एक यात्री के पास से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। प्लेटफॉर्म पर चल रहे तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसे रोककर पूछताछ की गई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके बैग, सूटकेस और एक बोरे की जांच की, जिसमें से कुल लगभग 16 लाख रुपये की नकदी मिली। यह रकम अधिकतर छोटे नोटों में थी, जिनमें 10, 20, 50, 100 और 200 रुपये के नोट शामिल थे। इतनी बड़ी मात्रा में छोटे नोट मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुद को कॉस्मेटिक का कारोबारी बताया है।
उसने कहा कि वह यह रकम वाराणसी से शाहजहांपुर ले जा रहा था। हालांकि, इतनी बड़ी राशि और छोटे नोटों में इसके परिवहन को लेकर वह कोई स्पष्ट और संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिससे संदेह और बढ़ गया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान रवि गुलाटी के रूप में हुई है, जो शाहजहांपुर जिले के तिलहर क्षेत्र का रहने वाला है। वह बेगमपुरा एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी ने इसकी जानकारी आयकर विभाग को दे दी है। अब विभाग यह जांच करेगा कि बरामद की गई नकदी का स्रोत क्या है और क्या यह आय वैध रूप से घोषित है या नहीं। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है और पुलिस के साथ-साथ आयकर विभाग भी पूरे मामले की गहन जांच कर रहा है।
