एयर शो के बीच वायुसेना प्रमुख ने जारी किया डाक टिकट, सुरक्षा घेरा तोड़ जनता के बीच पहुंचे एपी सिंह

एयर शो के बीच वायुसेना प्रमुख ने जारी किया डाक टिकट, सुरक्षा घेरा तोड़ जनता के बीच पहुंचे एपी सिंह

वाराणसी (रणभेरी): गंगा की लहरों के ऊपर लड़ाकू विमानों की गर्जना और काशी की सांस्कृतिक विरासत को समेटे भव्य एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ को यादगार बनाने के लिए रविवार को नमो घाट पर विशेष स्मारक डाक टिकट जारी किया गया। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने डाक विभाग की ओर से तैयार इस टिकट का अनावरण किया। इस दौरान वाराणसी की डाक प्रमुख समेत डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एयर शो को समर्पित इस डाक टिकट पर गंगा के ऊपर उड़ान भरते लड़ाकू विमानों के साथ काशी की सांस्कृतिक छवि को उकेरा गया है। टिकट के माध्यम से वायुसेना के शौर्य, सामर्थ्य और कौशल के साथ काशी की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाया गया है।

एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्मारक डाक टिकट वायुसेना की शक्ति और कौशल का प्रतीक होने के साथ ही काशी की पावन धरती पर आयोजित ऐतिहासिक एयर शो की यादों को भी संजोकर रखेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाने और उन्हें भारतीय वायुसेना के प्रति आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सुरक्षा घेरे से बाहर निकलकर लोगों से मिले

कार्यक्रम के बाद वायुसेना प्रमुख का अलग अंदाज देखने को मिला। वह सुरक्षा घेरे से बाहर निकलकर घाट पर मौजूद आम लोगों के बीच पहुंचे और उनसे सीधे मुलाकात की। उन्होंने बच्चों और युवाओं से हाथ मिलाया, उनकी बातें सुनीं और उन्हें वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। वायुसेना प्रमुख को अपने बीच पाकर लोग उत्साहित नजर आए। बड़ी संख्या में लोग उनके आसपास जुट गए और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी भी ली।

करीब 100 विमान दिखा रहे हवाई करतब

नमो घाट पर आयोजित तीन दिवसीय ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में करीब 100 विमान हिस्सा ले रहे हैं। 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित इस हवाई प्रदर्शन में भारतीय वायुसेना की ताकत और पेशेवर दक्षता का प्रदर्शन किया जा रहा है। रविवार को शो के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी हवाई प्रदर्शन देखने पहुंचे। एयर चीफ मार्शल एपी सिंह के 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने से पहले वाराणसी में आयोजित इस कार्यक्रम में उनकी आम लोगों से आत्मीय मुलाकात भी चर्चा का विषय रही।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *