वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में एक महिला के साथ फ्लैट दिलाने के नाम पर 10 लाख 80 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर भेलूपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मालतीबाग निवासी रजिया बेगम ने पुलिस को बताया कि दिसंबर 2023 से अब तक आरोपी ने न तो फ्लैट की लोकेशन बताई और न ही निर्माण से जुड़ी कोई जानकारी दी। करीब दो साल बीत जाने के बावजूद उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा।
अक्टूबर 2023 में शुरू हुआ लेन-देन
पीड़िता के अनुसार अक्टूबर 2023 में उनकी मुलाकात नदेसर, राजाबाजार निवासी हाजी मकसूद और उनके बेटे जियाउल हक से हुई थी। रिश्तेदारी का हवाला देकर उनसे पहले 3 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद फ्लैट में निवेश पर 25 लाख रुपये से अधिक मुनाफे का लालच दिया गया।
इस झांसे में आकर रजिया बेगम ने 6 नवंबर 2023 को चेक के माध्यम से 2 लाख रुपये और बाद में अलग-अलग तारीखों में नकद व बैंक ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 10.80 लाख रुपये दे दिए।
फ्लैट दिखाने में टालमटोल
जब पीड़िता ने फ्लैट देखने की बात कही तो आरोपी काम चलने का बहाना बनाता रहा। बाद में जानकारी मिली कि आरोपी ने दालमंडी इलाके में मुस्लिम मुसाफिरखाने के पास अपने नाम पर फ्लैट ले लिया है। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने संपर्क तोड़ लिया और फोन करने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने लगा।
एसीपी के आदेश पर दर्ज हुआ केस
पीड़िता ने इस मामले की शिकायत गौरव कुमार से की थी। उनके निर्देश पर भेलूपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 406, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसीपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
