वाराणसी (रणभेरी): रविवार को आयोजित PGT भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन वाराणसी के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सख्ती का असर साफ दिखाई दिया। प्रयागराज, जौनपुर समेत कई जिलों से परीक्षा देने पहुंचे अनेक अभ्यर्थी निर्धारित समय से कुछ मिनट देर से पहुंचे, जिसके चलते उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिल सका।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से पहले ही निर्देश जारी किए गए थे कि परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे। इसी नियम के तहत सुरक्षा कर्मियों ने तय समय के बाद पहुंचे परीक्षार्थियों को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी।
कई अभ्यर्थियों ने बताया कि ट्रेन लेट होने, ट्रैफिक और परीक्षा केंद्र पहचानने में परेशानी के कारण वे समय पर नहीं पहुंच सके। प्रयागराज से आई एक अभ्यर्थी ने बताया कि यात्रा में देरी होने की वजह से वह कुछ मिनट देर से केंद्र पहुंचीं और उन्हें प्रवेश नहीं मिला। उन्होंने कहा कि केंद्र के नाम को लेकर भी भ्रम की स्थिति रही।
वहीं एक अन्य परीक्षार्थी ने बताया कि एडमिट कार्ड पर कॉलेज का नाम अलग तरीके से लिखा था, जबकि केंद्र के बाहर दूसरे नाम का बोर्ड लगा था। इससे सही केंद्र पहचानने में समय लग गया और अंततः परीक्षा छूट गई।
कई अभ्यर्थी ऐसे भी दिखे जो केंद्र के बाहर मायूस होकर लौटते नजर आए। उनका कहना था कि लंबे समय से परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, लेकिन कुछ मिनट की देरी ने पूरा प्रयास बेकार कर दिया।
