वाराणसी: आनंद पार्क में पेड़ से लटका मिला 35 वर्षीय युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस

वाराणसी: आनंद पार्क में पेड़ से लटका मिला 35 वर्षीय युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस

वाराणसी (रणभेरी): भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड स्थित आनंद पार्क में गुरुवार शाम उस समय लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब पार्क के दक्षिणी हिस्से में एक पेड़ के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लटका हुआ दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार शाम लगभग 4:30 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही भेलूपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

चौकीदार की सूचना के बाद लोगों को हुई जानकारी

पार्क के आसपास रहने वाले स्थानीय निवासी संतोष ने बताया कि वे और अन्य लोग प्रतिदिन की तरह पार्क में टहलने आते हैं। इसी दौरान पार्क के चौकीदार को युवक के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार मृत युवक को पहले कभी इलाके में नहीं देखा गया था, इसलिए उसकी पहचान को लेकर लोगों में कई तरह की चर्चाएं होती रहीं।

वाराणसी: आनंद पार्क में पेड़ से लटका मिला 35 वर्षीय युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस

पहचान और परिस्थितियों की जांच में जुटी पुलिस

मामले में भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह जानकारी सामने आई है कि युवक क्षेत्र में इधर-उधर घूमता रहता था और लोगों से मांगकर अपना गुजारा करता था। फिलहाल उसकी पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि पार्क के पीछे पुराने भूखंड का कुछ हिस्सा गिराए जाने के कारण वहां से लोगों के आने-जाने का रास्ता बन गया है।

आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग रात के समय उसी रास्ते से पार्क के भीतर पहुंच जाते हैं। हालांकि नगर निगम की ओर से प्रतिदिन रात लगभग 10 बजे पार्क का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाता है।फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और युवक की शिनाख्त के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *