गुरु रविदास जयंती पर AAP की शोभायात्रा, केजरीवाल-भगवंत मान के आने की संभावना

गुरु रविदास जयंती पर AAP की शोभायात्रा, केजरीवाल-भगवंत मान के आने की संभावना

वाराणसी (रणभेरी): संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थान मंदिर से पंजाब तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा की शुरुआत सोमवार को सीर गोवर्धनपुर स्थित पार्क से होगी। आयोजन में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित कई मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।

मंदिर के ट्रस्टी केएल सरोवा ने बताया कि शोभायात्रा से पहले रविवार की शाम मंदिर परिसर में कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा। इसमें मंदिर के प्रमुख एवं चेयरमैन संत निरंजन दास भी शामिल होंगे। संत निरंजन दास शनिवार की शाम अपने भक्तों के साथ सीर गोवर्धनपुर स्थित जन्मस्थान मंदिर पहुंचेंगे।

केएल सरोवा के अनुसार, गुरु रविदास की 650वीं जयंती को लेकर देशभर में व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। सीर गोवर्धनपुर स्थित जन्मस्थान मंदिर में जयंती समारोह में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों के साथ ही कई देशों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

भाजपा के बाद आप ने भी तेज की धार्मिक आयोजन की तैयारी

गौरतलब है कि भाजपा सरकार की ओर से भी संत रविदास की 650वीं जयंती को भव्य तरीके से मनाने का ऐलान किया जा चुका है। इसके तहत 29 जुलाई को सीर गोवर्धनपुर स्थित जन्मस्थान मंदिर से कलश वंदन यात्रा निकाली गई थी। इस दौरान संत रविदास की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी को कलशों में स्थापित कर विधिवत पूजन किया गया और उन्हें विभिन्न राज्यों तक पहुंचाया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेता शामिल हुए थे।

अब आम आदमी पार्टी भी सीर गोवर्धनपुर से पंजाब और अन्य स्थानों तक शोभायात्रा निकालकर संत रविदास के विचारों और संदेशों का प्रचार-प्रसार करने की तैयारी में है। राजनीतिक दृष्टि से भी इस आयोजन को अहम माना जा रहा है। चुनावी माहौल के बीच दोनों प्रमुख दलों की ओर से संत रविदास की जयंती को लेकर सक्रियता बढ़ने से इस आयोजन के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल भी सीर गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास जन्मस्थान मंदिर में आयोजित जयंती समारोह में मत्था टेक चुके हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *