मदुरई के कार्तिक दीपम विवाद की काशी में गूंज, CM विजय थलापति का फूंका पुतला; फिल्मों के बहिष्कार की अपील

मदुरई के कार्तिक दीपम विवाद की काशी में गूंज, CM विजय थलापति का फूंका पुतला; फिल्मों के बहिष्कार की अपील

वाराणसी (रणभेरी): तमिलनाडु के मदुरई में कार्तिक दीपम (कार्तिक पूर्णिमा) पर दीप प्रज्वलन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब काशी तक पहुंच गया है। शुक्रवार को वाराणसी के प्रहलाद घाट क्षेत्र में स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका और तमिलनाडु सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु सरकार हिंदू समाज की धार्मिक आस्था और परंपराओं के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने इसे सनातन धर्म की मान्यताओं का अपमान बताते हुए मुख्यमंत्री के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

हिंदू धार्मिक परंपराओं के अपमान का लगाया आरोप

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रहलाद घाट निवासी एवं भाजपा के पूर्व पार्षद प्रत्याशी दीपक गुप्ता ने मुख्यमंत्री विजय थलापति के कदम की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली जैसे पर्व भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के महत्वपूर्ण अंग हैं। देशभर में श्रद्धालु इन पर्वों को पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ मनाते हैं।

गुप्ता ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु सरकार का रवैया हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्य के लिए मुख्यमंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

पांच साल तक विरोध जारी रखने की चेतावनी

दीपक गुप्ता ने तमिलनाडु सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सनातन धर्म और उसकी परंपराओं के प्रति सरकार का रवैया ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्थाओं का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है। गुप्ता ने चेतावनी दी कि इस मुद्दे पर उनका विरोध अगले पांच वर्षों तक जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में तमिलनाडु की राजनीति में भी इस विरोध का असर देखने को मिलेगा।

विजय की फिल्मों के बहिष्कार की अपील

प्रदर्शन के दौरान विजय थलापति की फिल्मों के बहिष्कार का भी आह्वान किया गया। दीपक गुप्ता ने देशभर के सनातन धर्मावलंबियों से अपील की कि वे विजय की फिल्मों को न देखें। उन्होंने कहा कि फिल्मों का बहिष्कार कर उनके प्रति अपना विरोध दर्ज कराया जाना चाहिए।

इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान

प्रदर्शन में शामिल अन्य लोगों ने भी तमिलनाडु सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया। मुख्यमंत्री के इस्तीफा नहीं देने की स्थिति में आगे की रणनीति के सवाल पर दीपक गुप्ता ने कहा कि जब तक विजय थलापति अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन आगे भी लगातार किया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *