उपराष्ट्रपति का बड़ा बयान: योगी आदित्यनाथ को बताया के. कामराज जैसा नेता, बोले- यूपी में स्थापित हुआ रामराज्य

उपराष्ट्रपति का बड़ा बयान: योगी आदित्यनाथ को बताया के. कामराज जैसा नेता, बोले- यूपी में स्थापित हुआ रामराज्य

(रणभेरी): उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तुलना तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के दिग्गज नेता के. कामराज से की। शनिवार को नमो घाट पर काशी तमिल संगमम-5.0 के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उपराष्ट्रपति ने कहा कि जैसे तमिलनाडु में कामराज का स्थान है, वैसे ही उत्तर प्रदेश में योगी महाराज विराजमान हैं। उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में रामराज्य की स्थापना हुई है।

उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपने करीब 20 साल पुराने संबंधों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1998 में जब दोनों संसद में अगल-बगल बैठते थे, तब एक-दूसरे के भाषणों को ध्यानपूर्वक और प्रेम से सुनते थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई दिशा पकड़ी है। कभी पिछड़ेपन के लिए पहचाना जाने वाला प्रदेश आज निरंतर प्रगति कर रहा है और देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

2029 से पहले एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का भरोसा

राधाकृष्णन ने कहा कि देश की जीडीपी में उत्तर प्रदेश का योगदान करीब नौ प्रतिशत है। उन्हें पूरा विश्वास है कि प्रदेश वर्ष 2029 तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य निर्धारित समय से पहले हासिल कर लेगा। उन्होंने प्रदेश में हुए बदलाव और विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना की।

उपराष्ट्रपति का बड़ा बयान: योगी आदित्यनाथ को बताया के. कामराज जैसा नेता, बोले- यूपी में स्थापित हुआ रामराज्य

राजनीतिक विभाजन के बावजूद सांस्कृतिक रूप से एक रहा भारत

उपराष्ट्रपति ने कहा कि कुछ लोग मानते हैं कि अंग्रेजों ने भारत को एक देश बनाया, जबकि वास्तविकता यह है कि भारत प्राचीन काल से ही भावनात्मक और सांस्कृतिक रूप से एक रहा है। तमिलनाडु में चेर, चोल, पांड्य, पल्लव और कोंगुनाडु जैसे अलग-अलग राजनीतिक क्षेत्र होने के बावजूद लोगों की सांस्कृतिक चेतना एक थी।

उन्होंने कहा कि हमारी भाषाएं, पूजा पद्धतियां और संस्कृतियां भले ही अलग-अलग हों, लेकिन हमारा चिंतन, सभ्यता और राष्ट्रभाव एक है। आसेतु हिमाचलम्, गंगा से कावेरी और गुजरात से अरुणाचल तक हमारा लक्ष्य एक भारत, श्रेष्ठ भारत है। हमें अपनी मां, मातृभाषा और धर्म के साथ-साथ देश की सभी भाषाओं का सम्मान करना चाहिए।

काशी और तमिलनाडु का रिश्ता सदियों पुराना

काशी और तमिलनाडु के बीच ज्ञान, भाषा और संस्कृति के संबंधों का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने महाकवि सुब्रमण्यम भारती को याद किया। उन्होंने कहा कि भारती ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय काशी में बिताया था। उन्होंने अपने गीत में काशी के विद्वानों की वाणी कांची में सुनने के लिए एक उपकरण की कल्पना की थी। आज तकनीक के माध्यम से उनकी यह कल्पना साकार होती दिखाई दे रही है।

उन्होंने काशी को दुनिया की आध्यात्मिक राजधानी बताते हुए कहा कि यदि दुनिया में किसी नगरी को आध्यात्मिक राजधानी कहा जा सकता है तो वह काशी है। तमिल भाषियों के हृदय में काशी का हमेशा से विशेष स्थान रहा है। हर तमिल परिवार में काशी यात्रा और बाबा विश्वनाथ के दर्शन की इच्छा रहती है।

प्रधानमंत्री ने तमिल संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई

उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी और तमिल संस्कृति के संबंधों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया है। तमिल भाषा और संस्कृति केवल तमिलनाडु की धरोहर नहीं, बल्कि पूरे भारत का गौरव है। काशी तमिल संगमम का यह पांचवां संस्करण तिरुक्कुरल और महाकवि तिरुवल्लुवर को विशेष प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने आयोजन को भारतीय सांस्कृतिक एकता का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

तमिलनाडु से आए 1,400 प्रतिभागी हुए शामिल

नमो घाट पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत तमिल अभिवादन ‘वणक्कम’ से की। इससे पहले उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु से आए छात्रों और प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की। काशी तमिल संगमम-5.0 में तमिलनाडु के विभिन्न हिस्सों से करीब 1,400 प्रतिभागी शामिल हुए। इनमें कन्याकुमारी, चेन्नई और कोयंबटूर सहित कई क्षेत्रों के लोग शामिल हैं।

आयोजन में भारतीय भाषा समिति, काशी हिंदू विश्वविद्यालय और आईआईटी मद्रास महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि करीब 400 वर्ष पहले तमिलनाडु से आकर काशी में बसे लोगों ने इस सांस्कृतिक रिश्ते को मजबूत किया। तमिलनाडु से आए बुनकरों ने अपनी कला और हुनर से काशी में विशेष पहचान बनाई और अपने उत्पादों के माध्यम से इसे व्यापक पहचान दिलाई।

कौन थे के. कामराज?

के. कामराज तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय राजनीति के प्रभावशाली नेताओं में शामिल थे। वर्ष 1963 में उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को मंत्री पद छोड़कर संगठन के काम में जुटने का सुझाव दिया था। इसे ‘कामराज योजना’ के नाम से जाना गया। जवाहरलाल नेहरू और लाल बहादुर शास्त्री के बाद इंदिरा गांधी को प्रधानमंत्री बनाने में उनकी अहम भूमिका रही। इसी वजह से उन्हें भारतीय राजनीति में ‘किंगमेकर’ के नाम से भी जाना जाता है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *