महिला आरक्षण पर PM मोदी का बड़ा बयान, बोले- हर रुकावट दूर कर पूरा करेंगे वादा; सुप्रिया सुले को केंद्रीय मंत्री बनाए जाने की भी चर्चा
(रणभेरी): महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 53 सेकेंड का पुराना वीडियो पोस्ट कर साफ कहा कि महिला आरक्षण की राह में आने वाली हर बाधा को सरकार दूर करेगी। वहीं, परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार को DMK, NCP (SP) और YSRCP का समर्थन मिलने से सियासी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं।
PM मोदी ने कहा कि विरोध करने वाली पार्टियां महिलाओं की संसद और विधानसभाओं में भागीदारी बढ़ाने से उन्हें नहीं रोक पाएंगी। उन्होंने दावा किया कि महिला आरक्षण के लिए देश की 100 फीसदी नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है। यह वीडियो 18 अप्रैल 2026 को देश के नाम दिए गए उनके संबोधन का है।
DMK के 22 सांसद करेंगे बिल का समर्थन
परिसीमन बिल पर शरद पवार की NCP (SP) और जगनमोहन रेड्डी की YSRCP के बाद शनिवार को एमके स्टालिन की पार्टी DMK ने भी समर्थन का ऐलान किया। DMK के सांसद ए. राजा ने कहा कि तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 39 से बढ़ाकर 59 की जानी चाहिए। पार्टी चाहती है कि सीटें बढ़ने के बाद भी संसद में राज्य की हिस्सेदारी करीब 7.2 प्रतिशत बनी रहे।
तीनों दलों के कुल 34 सांसद हैं। इनमें DMK के 22, NCP (SP) के 8 और YSRCP के 4 सांसद शामिल हैं।
बहुमत से अभी 6 सांसद दूर सरकार
इन तीनों दलों का समर्थन मिलने के बाद लोकसभा में NDA की संख्या 320 से बढ़कर 354 होने का दावा है। बिल पास कराने के लिए 540 सांसदों में दो-तिहाई बहुमत यानी 360 वोटों की जरूरत है। ऐसे में सरकार को अभी 6 और सांसदों के समर्थन की दरकार है।
INDIA ब्लॉक की बैठक, AAP-BJD ने नहीं खोले पत्ते
परिसीमन बिल पर रणनीति बनाने के लिए INDIA ब्लॉक के नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक की। इसमें DMK, NCP (SP), बीजू जनता दल और आम आदमी पार्टी को भी बुलाया गया था। हालांकि, AAP और BJD ने अब तक बिल पर अपना रुख साफ नहीं किया है।
सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री बनाने की चर्चा
NCP (SP) के समर्थन के ऐलान के साथ ही पार्टी सांसद सुप्रिया सुले को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिलने की चर्चा भी शुरू हो गई है। खबरों के मुताबिक, परिसीमन बिल पर समर्थन के बदले पार्टी सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री बनाने की मांग कर सकती है। इसके अलावा महाराष्ट्र सरकार में एक कैबिनेट और दो राज्य मंत्री पद भी मांगे गए हैं।
पार्टी विधायक जितेंद्र आव्हाड ने शुक्रवार को कहा था कि शरद पवार से चर्चा के बाद परिसीमन बिल का समर्थन करने का फैसला लिया गया है। हालांकि, सुप्रिया सुले ने कहा था कि बिल का ड्राफ्ट देखने और पार्टी के भीतर चर्चा करने के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा। अब सरकार की नजर उन छह अतिरिक्त सांसदों पर है, जिनके समर्थन से परिसीमन बिल को लोकसभा में पारित कराने का रास्ता साफ हो सकता है।
