कूड़े के ढेर में मिला सोने के सिक्कों से भरा पैकेट, युवक ने बेचा एक सिक्का; पुलिस ने छह सिक्के और नकदी बरामद की

कूड़े के ढेर में मिला सोने के सिक्कों से भरा पैकेट, युवक ने बेचा एक सिक्का; पुलिस ने छह सिक्के और नकदी बरामद की

वाराणसी (रणभेरी): शिवपुर थाना क्षेत्र में कूड़ा बीनने वाले एक युवक को कचरे के ढेर से सोने जैसे दिखने वाले कई सिक्के मिलने का मामला सामने आया है। युवक ने इनमें से एक सिक्का किसी व्यक्ति को 60 हजार रुपये में बेच दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह सिक्के और 45 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

यह मामला शिवपुर क्षेत्र के दुधईया पोखरी इलाके का बताया जा रहा है। यहां रहने वाला सुरेश का परिवार लंबे समय से कूड़ा बीनकर अपना जीवनयापन करता है। सुरेश के बेटे बबलू ने पुलिस को बताया कि करीब दो दिन पहले वह शिवपुर की यमुना नगर कॉलोनी के आसपास कचरा इकट्ठा कर रहा था।

इसी दौरान कूड़े के एक बड़े ढेर में उसे एक पॉलिथीन दिखाई दी। जब उसने पॉलिथीन खोलकर देखा तो उसमें कई सिक्के रखे हुए थे। बबलू ने बताया कि सिक्के देखने में सोने के लग रहे थे। जानकारी के अभाव में उसने इनमें से एक सिक्का एक व्यक्ति को 60 हजार रुपये में बेच दिया।

मामले की सूचना जब पुलिस तक पहुंची तो टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने बबलू के पास से छह सिक्के बरामद किए हैं। इसके अलावा सिक्का बेचने से मिले 45 हजार रुपये भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिए हैं।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सिक्के वास्तव में सोने के हैं या किसी अन्य धातु के। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ये सिक्के कूड़े के ढेर में कहां से पहुंचे और इनके पीछे कोई पुराना मामला तो नहीं जुड़ा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *