पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, घटना के वजह की जांच कर रही पुलिस
वाराणसी (रणभेरी): शिवपुर थाना क्षेत्र के शीतल नगर परमानंदपुर इलाके में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब 23 वर्षीय युवक अभय जायसवाल का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक बीए तृतीय वर्ष का छात्र था और पढ़ाई के साथ-साथ चाट की दुकान भी संचालित करता था। परिजनों के अनुसार अभय मंगलवार रात रोज की तरह दुकान बंद कर घर लौटा था। उसने परिवार के साथ भोजन किया और अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह काफी देर तक बाहर न निकलने पर परिवार को चिंता हुई।
कई बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर खिड़की से झांककर देखा गया तो उसका शव पंखे से चादर के सहारे लटका मिला। यह दृश्य देखते ही घर में कोहराम मच गया। सूचना पर मृतक के बड़े भाई, जो पुलिस विभाग में तैनात हैं और ज्ञानवापी परिसर में ड्यूटी कर रहे हैं, मौके पर पहुंचे। इसके बाद दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया। घटना की जानकारी मिलते ही शिवपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभय अपने परिवार में सबसे छोटा था। उसके परिवार में माता-पिता, दो भाई और एक बहन हैं। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
