वाराणसी (रणभेरी): कबीरचौरा स्थित 100 शय्या युक्त मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य इकाई में पहली बार 4 किलो 530 ग्राम वजन के स्वस्थ शिशु का जन्म हुआ है। तेलियरगंज निवासी 29 वर्षीय साहिबा बानो ने गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। अधिक वजन के कारण नवजात को लार्ज फॉर जेस्टेशनल एज (एलजीए) श्रेणी में रखते हुए तत्काल विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में निगरानी के लिए भर्ती कराया गया।
अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार, साहिबा बानो की गर्भावस्था 39 सप्ताह तीन दिन की थी। उनका वजन 92 किलोग्राम और रक्त समूह एबी निगेटिव था। इस वजह से उनकी गर्भावस्था को उच्च जोखिम की श्रेणी में रखा गया था। प्रसव से पहले कराई गई जांच में नॉन स्ट्रेस टेस्ट (एनएसटी) रिएक्टिव मिला था। इसके अलावा कलर डॉपलर समेत सभी जरूरी जांचें भी कराई गई थीं। महिला को 28 अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
चिकित्सकों की टीम ने सावधानीपूर्वक प्रसव कराया। टीम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. तान्या दिवाड़ी, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. आनंद यादव और बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. युसूफ नसीम शामिल रहे। चिकित्सकों के अनुसार, सामान्य से अधिक वजन वाले शिशु के जन्म के दौरान कई तरह की जटिलताएं होने की आशंका रहती है। ऐसे में मां और नवजात की विशेष निगरानी और समय पर चिकित्सकीय प्रबंधन जरूरी होता है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस इकाई में पहली बार इतने अधिक वजन के शिशु का जन्म दर्ज किया गया है। फिलहाल मां और नवजात दोनों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
