वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक प्रेम प्रसंग के चलते हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। युवक ने टावर पर चढ़ने के बाद खुद ही डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, बड़ागांव थाना क्षेत्र के अहरक पुरबपुर गांव निवासी 21 वर्षीय सौरभ सरोज पेंटिंग का काम करता है। युवक का दावा है कि वह पड़ोस के गांव की एक युवती से करीब पांच वर्षों से प्रेम करता है और उससे विवाह करना चाहता है। हालांकि, दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए सहमत नहीं हैं, जिससे वह काफी समय से मानसिक तनाव में था।
बताया गया कि गुरुवार शाम सौरभ की अपनी प्रेमिका से फोन पर बातचीत हुई। बातचीत के दौरान जब उसने शादी को लेकर बात की, तो युवती ने बताया कि उसके परिजन इस रिश्ते को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। यह बात सुनने के बाद युवक काफी परेशान हो गया।
इसके बाद सौरभ अपने घर से करीब दो किलोमीटर दूर प्रेमिका के गांव की ओर पहुंचा। गांव से कुछ दूरी पहले स्थित हाईटेंशन बिजली के टावर पर वह चढ़ गया। टावर पर पहुंचने के बाद उसने स्वयं डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी कि वह प्रेम विवाह न होने से आहत होकर टावर पर चढ़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक समझाने के बावजूद जब वह नीचे नहीं उतरा तो हरहुआ पुलिस चौकी को सूचना दी गई।
इसके बाद चौकी प्रभारी विवेकानंद द्विवेदी और उपनिरीक्षक के.के. वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने युवक से लगातार बातचीत की और उसे समझाया कि इस तरह का कदम उसकी जान के लिए खतरा बन सकता है। पुलिस की समझाइश और काफी मशक्कत के बाद करीब आधे घंटे में सौरभ टावर से सुरक्षित नीचे उतर आया।
पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं हुई और युवक पूरी तरह सुरक्षित है।
