वाराणसी (रणभेरी): चौबेपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। स्कूल से घर लौट रही छह वर्षीय बच्ची का अपहरण हो गया। अपहरणकर्ता ने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया और फिर बदहवास हालत में उसे करीब 70 फीट गहरे सूखे कुएं में धक्का दे दिया।
यह घटना छित्तमपुर स्थित डीहबाबा मंदिर के पास की है। सुबह के समय कुएं से बच्ची के रोने और चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल बच्ची को बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। सिर पर करीब तीन इंच गहरा घाव था, जिसका इलाज किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे घर ले गए। फिलहाल बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ऐसे हुई पूरी वारदात
जानकारी के मुताबिक, बच्ची सोमवार सुबह करीब 7 बजे स्कूल के लिए घर से निकली थी। छुट्टी के बाद वह पैदल लौट रही थी, तभी इलाके का एक युवक साइकिल से आया और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद वह उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर वारदात को अंजाम देने की कोशिश करने लगा और फिर कुएं में धक्का दे दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। टीम बनाकर आरोपी की तलाश की गई। कुछ ही घंटों में पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली। देर रात पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी को गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बच्ची की स्थिति स्थिर है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
