चालक को झपकी आने से हुआ हादसा, 16 घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर मेंहदीगंज के पास शुक्रवार देर रात करीब दो बजे तीर्थयात्रियों से भरी एक बस आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा भिड़ी। हादसे में बस चालक समेत 21 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना का कारण चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। वहीं, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के कृष्णानगर निवासी बस चालक समूल अचार 60 महिला-पुरुष यात्रियों को लेकर बीते 28 अक्टूबर को तीर्थयात्रा पर निकला था। यात्रियों को गया, प्रयागराज और मथुरा-वृंदावन में दर्शन-पूजन कराने के बाद बस वापस लौट रही थी। शुक्रवार देर रात वाराणसी-प्रयागराज एनएच-19 पर भिखारीपुर गांव के पास चालक को झपकी आ गई। इससे बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक समेत 21 यात्री घायल हो गए। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और ढाबा कर्मी मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा और खजुरी चौकी प्रभारी जगदंबा सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकलवाया और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जक्खिनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद 16 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए शहर रेफर कर दिया गया।
हादसे में दुर्गा, मैली, सुखे विश्वास, सपोंदास, विश्वजीत, तोमिला, जुमारानी, रुमाली, सपना, सुला विश्वास, सिजोई, ज्योति, सकुन, लीना, प्रदीप डे, लोक्खी घोष, सेफाली दास, गुरुदसी सरकार, गौरीशंकर, पूर्णिना और माला सौदार घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
