छुट्टा सांड के हमले से 65 वर्षीय वृद्ध की मौत, गांव में दहशत

छुट्टा सांड के हमले से 65 वर्षीय वृद्ध की मौत, गांव में दहशत

बैरवन में घर के गलियारे तक पीछा कर सांड ने किया हमला, अब तक दर्जनों लोगों को कर चुका है घायल

वाराणसी (रणभेरी): रोहनिया स्थानीय थाना क्षेत्र के बैरवन स्थित पाल बस्ती में शनिवार की देर रात एक दर्दनाक हादसे में छुट्टा सांड के हमले से 65 वर्षीय वृद्ध शारदा पाल की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

परिजनों के अनुसार, शारदा पाल शनिवार की रात अपने घर के दरवाजे पर सो रहे थे। इसी दौरान एक हमलावर छुट्टा सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड के हमले से बचने के लिए शारदा पाल उठकर घर के अंदर भागे, लेकिन सांड ने उनका पीछा नहीं छोड़ा और घर के गलियारे में घुसकर उन्हें दीवार में दबा दिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और सांड को भगाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद सांड वहां से भागा, लेकिन तब तक गंभीर रूप से घायल शारदा पाल की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना परिजनों ने रोहनिया पुलिस को दी। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त छुट्टा सांड बेहद आक्रामक है और पिछले कुछ दिनों में शारदा पाल पर तीन बार हमला कर चुका था। इसके अलावा गांव के ही गणेशु पाल को भी दो बार हमला कर घायल कर चुका है। ग्रामीणों का दावा है कि यह सांड अब तक करीब दर्जनों लोगों को घायल कर चुका है।

लगातार हो रहे हमलों के बावजूद सांड के खुलेआम घूमने से ग्रामीणों में भय और नाराजगी है। लोगों ने इस समस्या से निजात दिलाने की मांग उठाई है। मृतक शारदा पाल की पारिवारिक स्थिति बेहद दयनीय बताई जा रही है। उनके परिवार में दो बेटे और तीन बेटियां हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *