(रणभेरी): फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लोकप्रिय गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ से देशभर में पहचान बनाने वाले दृष्टिबाधित गायक सुनील लोधी की आंखों का इलाज शुरू हो गया है। 4 नवंबर को सुनील ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अस्पताल से अपनी तस्वीरें और वीडियो साझा कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने प्रशंसकों से दुआ करने की अपील की है, ताकि उनकी आंखों की रोशनी वापस आ सके।
सुनील लोधी ने अपनी पोस्ट में बताया कि भगवान की कृपा से उनकी आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने लिखा कि प्रशंसकों की प्रार्थनाओं से उनके जीवन में एक नई उम्मीद जगी है। वह भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि उनकी जिंदगी में फिर से रोशनी आए और वे इस खूबसूरत दुनिया को अपनी आंखों से देख सकें। उन्होंने अपने माता-पिता के वर्षों पुराने इंतजार के पूरा होने की उम्मीद भी जताई। सुनील ने कहा कि लोगों का प्यार और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
10-11 साल की उम्र से शुरू किया था संगीत का सफर
मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले सुनील लोधी का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। उन्होंने महज 10-11 साल की उम्र में लोकल ट्रेनों और गांवों में तंबूरा बजाकर बुंदेली लोकगीत और भजन गाना शुरू कर दिया था। शुरुआती दिनों में उनके पास न कोई बड़ा मंच था और न ही कोई विशेष पहचान। इसके बावजूद उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर संगीत की दुनिया में जगह बनाई।

हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में सुनील ने अपने संघर्ष के दिनों को साझा किया था। उन्होंने बताया था कि ट्रेनों और गांवों में गाते हुए उन्होंने अपने संगीत के सफर को आगे बढ़ाया। शारीरिक चुनौतियां भी उनके हौसले को कमजोर नहीं कर सकीं।
‘मोरे संकट के कटैया’ भजन से मिली देशभर में पहचान
सुनील लोधी को बड़ी पहचान उनके बुंदेली भजन ‘मोरे संकट के कटैया’ से मिली। इस भजन को यूट्यूब और इंस्टाग्राम पेज ‘बुंदेली दुनिया’ पर 2.9 करोड़ से अधिक बार देखा गया। सोशल मीडिया पर उनकी आवाज की लोकप्रियता बढ़ने के बाद फिल्ममेकर और म्यूजिक प्रोड्यूसर पंकज की नजर उन पर पड़ी।
इसके बाद पंकज ने उन्हें फिल्म ‘हनुमान अंश’ के गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ में गाने का मौका दिया। इस गीत ने सुनील को देशभर में पहचान दिलाई। उनकी आवाज और गायकी को श्रोताओं ने खूब पसंद किया।
फिल्म की प्रोड्यूसर और एमपी सीएम ने भी बढ़ाया मदद का हाथ
सुनील के इलाज को लेकर फिल्म ‘हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री की ओर से भी मदद की पहल की गई थी। दैनिक भास्कर से बातचीत में अनुप्रिया नागर ने सुनील के इलाज में सहयोग करने की बात कही थी।
अब इलाज की प्रक्रिया शुरू होने के बाद सुनील और उनके परिवार को आंखों की रोशनी वापस आने की उम्मीद बंधी है। सुनील ने अपने प्रशंसकों से प्रार्थना करने की अपील की है। उनके चाहने वाले भी उनके जल्द स्वस्थ होने और जीवन में रोशनी लौटने की कामना कर रहे हैं।
