गोरखपुर में छात्रा को मुर्गा बनाने पर भड़का पिता, स्कूल में घुसकर प्रिंसिपल को पीटा

गोरखपुर में छात्रा को मुर्गा बनाने पर भड़का पिता, स्कूल में घुसकर प्रिंसिपल को पीटा

(रणभेरी): गोरखपुर में कक्षा-6 की छात्रा को देरी से स्कूल पहुंचने पर सजा देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रिंसिपल ने छात्रा को कुछ देर के लिए मुर्गा बनाया। घर पहुंचकर छात्रा ने पिता को इसकी जानकारी दी तो वह गुस्से में स्कूल पहुंच गया। पिता पर प्रिंसिपल से मारपीट करने, उनकी शर्ट फाड़ने और स्कूल में तोड़फोड़ करने का आरोप है।

घटना 1 सितंबर की बताई जा रही है। मामला जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर गोला क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय खिरकिटा दुबे का है। घटना के दो दिन बाद 3 सितंबर को प्रिंसिपल ने आरोपी पिता के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

छात्रा ने घर पहुंचकर पिता को बताई सजा

स्कूल के प्रिंसिपल जितेंद्र कुमार (56) के मुताबिक, 1 सितंबर की सुबह कक्षा-6 की एक छात्रा देर से स्कूल पहुंची थी। अनुशासन बनाए रखने के लिए उसे कुछ देर के लिए मुर्गा बनाया गया था।

गोरखपुर में छात्रा को मुर्गा बनाने पर भड़का पिता, स्कूल में घुसकर प्रिंसिपल को पीटा

स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रा घर पहुंची और उसने पिता दिलीप कुमार को पूरी बात बता दी। आरोप है कि इसके बाद दिलीप कुमार स्कूल पहुंच गया और प्रिंसिपल से बेटी को सजा देने का कारण पूछा। प्रिंसिपल ने उन्हें सजा की वजह बताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

स्टाफ के सामने प्रिंसिपल से मारपीट का आरोप

जितेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उन्होंने दिलीप कुमार को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह मारपीट पर उतर आया। उसने स्कूल स्टाफ के सामने उनके साथ मारपीट की और उनकी शर्ट फाड़ दी।

आरोप है कि इस दौरान स्कूल में भी तोड़फोड़ की गई और सरकारी सामान को नुकसान पहुंचाया गया। स्कूल के अन्य शिक्षकों ने बीच-बचाव कर प्रिंसिपल को बचाया। शिक्षकों ने आरोपी को समझाकर किसी तरह मामला शांत कराया। प्रिंसिपल ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपी भविष्य में भी उनके साथ ऐसी घटना कर सकता है।

पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की तलाश

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद 3 सितंबर को गोला थाने में आरोपी दिलीप कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। गोला थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। वह फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी स्कूल में विवाद की बात सामने आई

पुलिस के मुताबिक, दिलीप कुमार पेंट-पॉलिश का काम करता है। बताया जा रहा है कि इससे पहले वह स्कूल में ठेका लेने के लिए गया था। उस दौरान भी विवाद हुआ था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *